तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। भारत के स्वास्थ्य तंत्र को सुदृढ़ बनाने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर ने अपने परिसर में स्कूल फॉर स्किल्स : हेल्थकेयर एंड टेक्नोलॉजी की स्थापना की है। यह केंद्र ग्रामीण और अर्ध-शहरी युवाओं को सहायक स्वास्थ्य पेशेवर के रूप में प्रशिक्षित करेगा, जिससे स्वास्थ्य क्षेत्र में समावेशी विकास और कौशल संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा।
संस्थान के पदाधिकारियों के मुताबिक शुरुआत में यह केंद्र प्रति वर्ष 150 छात्रों को राष्ट्रीय कौशल योग्यता रूपरेखा के अनुरूप लघु-अवधि प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम प्रदान करेगा, जिनमें जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन – बेसिक और फ्लेबोटोमिस्ट शामिल हैं।
राष्ट्रीय कौशल विकास निगम कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार से संबद्ध है। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर। छात्रों को हेल्थकेयर सेक्टर स्किल काउंसिल से प्रमाणपत्र प्राप्त होंगे। प्रशिक्षित जनशक्ति श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल, आईआईटी खड़गपुर सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में रोगी देखभाल में सहयोग करेगी।

इसके अतिरिक्त कुछ प्रशिक्षित युवा फील्ड ट्रायल्स और आईआईटी खड़गपुर द्वारा विकसित स्वास्थ्य प्रौद्योगिकियों के सत्यापन में भाग लेंगे, जिससे पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवस्थित स्वास्थ्य डेटा संग्रह संभव होगा।
पहले बैच की कक्षाएं नवंबर 2025 से प्रारंभ होंगी और भविष्य में अधिक पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना है। यह पहल स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों का उत्थान तथा सामुदायिक मजबूती में योगदान देगी।
“स्कूल फॉर स्किल्स : हेल्थकेयर एंड टेक्नोलॉजी केवल एक प्रशिक्षण केंद्र नहीं, बल्कि परिवर्तन का उत्प्रेरक है। हम कौशल विकास और अत्याधुनिक तकनीक को मिलाकर एक ऐसे स्वास्थ्य कर्मी समूह का निर्माण करना चाहते हैं, जो अंतिम पंक्ति तक सेवा पहुँचा सके। ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में परिवर्तन लाए और देश की समावेशी विकास की दृष्टि में योगदान दे।”
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



