खड़गपुर। आईआईटी खड़गपुर के रबर टेक्नोलॉजी सेंटर के अध्यक्ष प्रो. किंशुक नस्कर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित जर्मनी के लेबनिज़ इंस्टीट्यूट ऑफ पॉलिमर रिसर्च (आईपीएफ) ड्रेसडेन का ‘आईपीएफ फेलो’ नामित किया गया है। यह सम्मान पॉलिमर विज्ञान में उनके अप्रतिम शोध, नवाचार और वैश्विक मान्यता के लिए प्रदान किया गया है।
बता दें कि आईआईटी खड़गपुर के पूर्व छात्र और रजत पदक विजेता प्रो. नस्कर 2004 से संस्थान में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। वे शिक्षण, अनुसंधान और नवाचार में लगातार उल्लेखनीय योगदान कर रहे हैं।
उनके नाम प्रमुख राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मान हैं, जिनमें डीपीआई पेटेंट अवॉर्ड (2005), एलेक्ज़ेंडर वॉन हम्बोल्ट रिसर्च फेलोशिप (2009), मोरांड लैम्बला अवॉर्ड (2016) और इंस्टीट्यूट चेयर प्रोफेसर अवॉर्ड (2022) शामिल हैं।

पॉलिमर एवं रबर विज्ञान के क्षेत्र में प्रो. नस्कर के 200 से अधिक शोध पत्र, विभिन्न पेटेंट, कई पुस्तकें, 41 का एच-इंडेक्स, औद्योगिक साझेदारियों में अग्रणी भूमिका और अनेक पीएचडी/मास्टर्स विद्यार्थियों का मार्गदर्शन शामिल है। उनकी उपलब्धियों ने उन्हें दुनिया के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की सूची में स्थान दिलाया है।
संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि आईपीएफ ड्रेसडेन के साथ उनकी दीर्घकालिक अनुसंधान भागीदारी के कारण यह नियुक्ति संस्थान तथा देश के लिए गौरव का विषय है।
आईआईटी खड़गपुर के निदेशक प्रो. सुमन चक्रवर्ती ने इस उपलब्धि पर शुभकामनाएँ देते हुए कहा, “यह सम्मान प्रो. नस्कर के उत्कृष्ट विज्ञान, नवाचार और वैश्विक शोध समर्पण का प्रमाण है। संस्थान उनके भविष्य के अंतरराष्ट्रीय प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएँ देता है।”
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



