रक्तदान के लिए स्थानीय लोगों के साथ दूरदराज से भी पहुंचे रक्तदाता
तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। रक्तदान के प्रति जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश करते हुए शालबनी ब्लॉक के डांगड़पाड़ा प्राथमिक विद्यालय में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में रिकॉर्ड 452 लोगों ने रक्तदान किया। जंगलमहल ऐक्य उत्थान मंच की ओर से आयोजित इस रक्तदान मेले में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
शिविर में रक्तदान करने के लिए सुबह से ही लोगों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूरदराज के इलाकों से भी बड़ी संख्या में रक्तदाता डांगड़पाड़ा पहुंचे। युवा, महिलाएं और विभिन्न वर्गों के लोग उत्साह के साथ रक्तदान करते नजर आए।
कार्यक्रम में पहुंचे रक्तदाताओं और अतिथियों का स्वागत जंगलमहल उत्थान के कर्णधार तथा आयोजन के मुख्य सूत्रधार जगन्नाथ पात्र ने किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।
शिविर की खास बात यह रही कि पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिले के पांच ब्लड सेंटरों की टीमों ने एक साथ रक्त संग्रह किया। मेदिनीपुर, देबरा, शालबनी, झाड़ग्राम और गोपीबल्लभपुर ब्लड सेंटर के अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी रक्त संग्रह के लिए शिविर में मौजूद रहे।
रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री राजेश महतो, मेदिनीपुर के विधायक शंकर गुछाइत, शालबनी के विधायक बिमान महतो, शालबनी के बीडीओ स्वर्णाभ हालदार, शालबनी थाने के आईसी सौरभ घोष सहित कई विशिष्ट अतिथि एवं गणमान्य लोग शिविर में पहुंचे।
452 लोगों के रक्तदान के साथ शिविर ने इलाके में रक्तदान को लेकर एक नई मिसाल कायम की। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भी खासा उत्साह देखा गया। आयोजकों के अनुसार, रक्त की जरूरत से जूझ रहे मरीजों की मदद के उद्देश्य से इस तरह के सामाजिक कार्यक्रम आगे भी जारी रखे जाएंगे।
शिविर के सफल आयोजन और बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी पर जंगलमहल उत्थान के कर्णधार जगन्नाथ पात्र ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, शुभानुध्यायियों तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

