कोलकाता हिन्दी न्यूज | 26 सितम्बर 2026: पटना-हावड़ा बंदे भारत एक्सप्रेस से हावड़ा स्टेशन पहुंचे एक यात्री को आरपीएफ ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर गिरफ्तार किया है।
उसके पास से 21 लाख रुपये नकद और करीब 30.180 ग्राम सोना बरामद होने के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। आरपीएफ के मुताबिक, बरामद नकदी और सोने के संबंध में यात्री कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
पटना-हावड़ा बंदे भारत से आया था यात्री
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को आरोपी पटना-हावड़ा बंदे भारत एक्सप्रेस से हावड़ा पहुंचा था। बताया गया है कि उसने बिहार के मोकामा से ट्रेन पकड़ी थी।
हावड़ा स्टेशन के ओल्ड कॉम्प्लेक्स में आरपीएफ की नियमित जांच के दौरान उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद जवानों ने उसे रोककर पूछताछ और तलाशी ली।
बैग से मिले 21 लाख रुपये और सोना
तलाशी के दौरान यात्री के बैग से 21 लाख रुपये नकद और लगभग 30.180 ग्राम वजन का सोना बरामद हुआ। इतनी बड़ी रकम और सोने को लेकर जब उससे संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद आरपीएफ ने नकदी और सोना जब्त करते हुए व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
पैसा और सोना कहां से आया?
आरपीएफ के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी से बरामद रकम और सोने के स्रोत के बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश की गई।
अब जांच इस दिशा में भी की जा रही है कि बिहार से यह पैसा और सोना कहां से लाया गया था और हावड़ा में इसे किसे सौंपा जाना था।
घटना की जानकारी आयकर विभाग के अधिकारियों को भी दे दी गई है। बरामद नकदी और सोना फिलहाल आरपीएफ की निगरानी में है।
हावड़ा स्टेशन पर बढ़ी निगरानी
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में हावड़ा स्टेशन से नकदी बरामद होने की घटनाएं सामने आने के बाद आरपीएफ ने जांच और तलाशी अभियान तेज किया है।
इसी अभियान के दौरान शुक्रवार को संदिग्ध यात्री आरपीएफ की नजर में आया। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद 21 लाख रुपये और सोने के पीछे क्या पूरा नेटवर्क है और रकम की अंतिम डिलीवरी कहां होनी थी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

