नई दिल्ली। शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं मानवीय सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. विक्रम चौरसिया को ह्यूमैनिटेरियन स्टडीज में ऑनरेरी प्रोफेशनल डॉक्टरेट से सम्मानित किया गया। यह सम्मान Mike’s Varsity Institute of Technology की ओर से कोटा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।
डॉ. विक्रम चौरसिया पिछले कई वर्षों से UPSC सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के मार्गदर्शक के रूप में कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही वे पिछले 16 वर्षों से झुग्गी-बस्तियों में शिक्षा के प्रसार, महिलाओं, बच्चों एवं जरूरतमंदों के हित में आवाज उठाने तथा कोरोना महामारी के दौरान निस्वार्थ सेवा कार्यों में सक्रिय रहे हैं।
उनके शैक्षणिक, सामाजिक एवं मानवीय योगदान को इस सम्मान का आधार बनाया गया। समारोह का आयोजन ESC की संस्थापक डॉ. माधवी बोरसे सिंह इंसा एवं निदेशक इंद्रजीत सिंह इंसा के नेतृत्व में किया गया।
ESC अंग्रेजी के साथ-साथ विभिन्न भारतीय एवं विदेशी भाषाओं में देश-विदेश के विद्यार्थियों को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शिक्षा प्रदान करने तथा शिक्षा को सरल, आनंदमय एवं तनावमुक्त बनाने के लिए कार्यरत है। समारोह में ESC की ओर से डॉ. विक्रम चौरसिया को ESC Global Excellence Award से भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया से आए डॉ. विक गैफनी एवं कमांडर (डॉ.) गौरी मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन में डॉ. दीप्ति नागपाल, डॉ. शुभांगी ठाकरे सभी आयोजन टीम के सदस्यों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. विक्रम चौरसिया ने आयोजकों एवं पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं मानवीय सरोकारों के क्षेत्र में और अधिक जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

