हिंदू महासभा ने गांधी को बताया महिषासुर, मां दुर्गा की मूर्ति पर हुआ बवाल

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा की धूम है। कोलकाता में जगह-जगह दुर्गा पूजा पंडाल बनाये गये हैं, लेकिन दक्षिण कोलकाता में रूबी पार्क के पास अखिल भारत हिंदू महासभा की ओर से मां दुर्गा की प्रतिमा बनाई है। मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ महिषासुर के रूप में महात्मा गांधी को दिखाया गया है। मां दुर्गा महात्मा गांधी का वध करते दिखाई दे रही हैं। बता दें कि आज दो अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती है और पूरा देश राष्ट्रपति महात्मा की जयंती का पालन कर रहा है, लेकिन हिंदू महासभा के पदाधिकारी इस दिन को काला दिवस के रूप में मना रहे हैं।

अखिल भारत हिंदू महासभा के पश्चिम बंगाल के राज्य कार्यकारी अध्यक्ष चंद्रचूड़ गोस्वामी ने बताया कि चूंकि बहुत सालों के बाद दो अक्टूबर को दुर्गा पूजा का त्योहार है। इसी कारण उन लोगों ने गांधी को असुर को रूप में दिखाने का निर्णय किया है। चंद्रचूड़ गोस्वामी ने कहा कि पहली बार रूबी पार्क के पास उनकी संस्था की ओर से दुर्गा पूजा का आयोजन किया गया है. पुलिस से लेकर कोलकाता नगर निगम, अग्निशमन सहित अन्य सभी से पूजा आयोजन की अनुमति ली गई है, किसी ने भी पूजा आयोजन को लेकर आपत्ति नहीं की है।

उन्होंने कहा कि चूंकि बहुत साल के बाद गांधी जयंती और दुर्गा पूजा एक साथ है। इस कारण उन लोगों ने निर्णय किया कि क्यों नहीं दुर्गा पूजा के माध्यम से गांधी का विरोध किया जाए और इस कारण उन लोगों ने गांधी को असुर के प्रतीक के रूप में बनाया है, क्योंकि गांधी ने इस देश के लिए कुछ भी अच्छा नहीं किया। वे लोग गांधी को राष्ट्रपिता नहीं मानते हैं, बल्कि वह देश के बंटबारे के लिए जिम्मेदार हैं। यदि आज देश विभाजित हुआ है, तो इसके लिए गांधी जिम्मेदार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *