खड़गपुर। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के राजभाषा विभाग द्वारा हिंदी कार्यशाला-सह-राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासनिक कार्मिकों को हिंदी में सरकारी कार्य करने के लिए सक्षम बनाना तथा राजभाषा हिंदी के प्रगतिशील प्रयोग की समीक्षा करना रहा।
कार्यशाला में कार्मिकों की हिंदी में कार्य करने संबंधी झिझक दूर करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही उन्हें राजभाषा से जुड़े वार्षिक लक्ष्यों की जानकारी दी गई। तिमाही प्रगति रिपोर्ट से संबंधित आंकड़ों के संकलन, तथ्यात्मक प्रस्तुति तथा गृह मंत्रालय एवं शिक्षा मंत्रालय को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन रिपोर्ट प्रेषण की प्रक्रिया पर प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता डॉ. विचित्र सेनगुप्त, उपनिदेशक (कार्यान्वयन), पूर्व क्षेत्र, कोलकाता ने तिमाही प्रगति रिपोर्ट के सभी मदों की विस्तार से जानकारी दी और प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। संस्थान के वरिष्ठ हिंदी अधिकारी डॉ. राजीव कुमार रावत ने राजभाषा विभाग की सूचना प्रबंधन प्रणाली, पंजीकरण प्रक्रिया एवं कार्यालय कोड से संबंधित जानकारी प्रदान की।

राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक की अध्यक्षता उपनिदेशक प्रो. रिन्टू बनर्जी ने की। बैठक में संस्थान में हिंदी पत्राचार, राजभाषा अधिनियम की धारा 3(3), नियम 5 तथा वार्षिक लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
कुलसचिव कैप्टन अमित जैन (सेवानिवृत्त) ने संस्थान परिसर में नियमानुसार त्रिभाषी एवं द्विभाषी संकेत-पट्ट शीघ्र लगाने तथा सभी रिपोर्ट समय पर भेजने के निर्देश दिए। बैठक में राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन हेतु कार्ययोजना तय की गई और अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



