कोलकाता न्यूज़ डेस्क | 28 फरवरी 2026: पश्चिम बंगाल हिंदी विश्वविद्यालय परिसर में एक दिवसीय अनुवाद कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. डॉ. नंदिनी साहू ने की।
कुलपति ने अनुवाद के महत्व पर प्रकाश डाला
कुलपति प्रो. डॉ. नंदिनी साहू ने अपने संबोधन में कहा कि अनुवाद सहज कार्य नहीं है। अनुवादक को स्रोत और लक्ष्य भाषा का गहरा ज्ञान, विषय की समझ, व्याकरणिक शुद्धता, शब्दकोश, संस्कृति का ज्ञान और संदर्भ की पहचान होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज के समय में अनुवादक को रूपांतरण, तकनीकी ज्ञान, सांस्कृतिक समझ और सोशल मीडिया शब्दावली की जानकारी भी जरूरी है।
उन्होंने अनुवाद को भाषा और संस्कृतियों के बीच सेतु बताया और कहा कि यह ज्ञान, संस्कृति और विचारों के आदान-प्रदान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम का संचालन और मुख्य वक्ता
कार्यक्रम का संचालन हिंदी एवं अनुवाद विभाग की प्राध्यापिका डॉ. मधुमिता ओझा ने किया।
मुख्य वक्ता के रूप में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के प्रो. एवं निर्देशक हरीश कुमार सेठी ऑनलाइन उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि अनुवाद में मशीनीकरण का उपयोग हो सकता है, लेकिन भाषाओं का महत्व मशीन में नहीं बांधा जा सकता।
उन्होंने शब्दानुवाद और भावानुवाद पर जोर दिया और बताया कि भावों को व्यक्त करने के लिए शब्दों का विस्तार जरूरी है।
पश्चिम बंगाल महिला विश्वविद्यालय की प्रो. अपराजिता हाजरा ने भी ऑनलाइन भाग लिया।
उन्होंने प्राचीन काल से अनुवाद प्रक्रिया पर चर्चा की और एंथोनी बर्गेस की अवधारणा से अवगत कराया कि अनुवाद केवल शब्द का मामला नहीं, बल्कि पूरी संस्कृति को बोधगम्य बनाने का मामला है।
विभागों के प्राध्यापक और प्राध्यापिकाएं उपस्थित
कार्यक्रम में हिंदी, अनुवाद, इतिहास और राजनीतिक विज्ञान विभाग के प्राध्यापक एवं प्राध्यापिकाएं उपस्थित रहीं। इनमें डॉ. सुशील कुमार पांडे, डॉ. इंद्रजीत यादव, डॉ. अजीत कुमार दास, डॉ. के.एन. भारती,
डॉ. रेखा कुमारी त्रिपाठी, डॉ. गुड्डी कुमारी, डॉ. पारोमिता दास, धीमान महतो, मधुवंती गांगुली, विश्वजीत हजाम और सुमित यादव शामिल थे।
डॉ. रेखा कुमारी त्रिपाठी ने कहा कि डिजिटल और वैश्वीकृत समय में अनुवाद भाषा की बाधाओं को तोड़कर ज्ञान, संस्कृति और व्यापार के आदान-प्रदान में सेतु की भूमिका निभा रहा है।
विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में हिंदी विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थी उपस्थित रहे। इनमें अपर्णा तिवारी, दीक्षित साव, मानसी परीदा, मधुबाला कुमारी, कीर्ति सिंह, सुजल कुमार राउत, प्रियंका तिवारी,
अंशु सिंह, विवेकानंद चौधरी, सुचंदा विश्वास, नसरीन परवीन, अंसूर्या राय, सुशील कुमार शाह, सिमरन साव, आफरीन प्रवीन, रंजन कुमारी साव, नंदनी वर्मा, मुकुल कुमार साव, अंकित साव और अमरजीत पंडित शामिल थे।
कार्यक्रम का समापन डॉ. अजीत कुमार दास ने किया।
यह कार्यशाला अनुवाद के क्षेत्र में ज्ञान और कौशल विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित हुई।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।




