कोलकाता। भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने ममता सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार पर घुसपैठियों को बचाने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी दुर्गापुर रैली को लेकर राहुल सिन्हा ने कहा कि मोदी यहां बार-बार आएंगे और बंगाल से टीएमसी का सफाया करेंगे।
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि ममता बंगालियों के उत्पीड़न का मुद्दा उठाकर अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रही हैं।
सिन्हा ने दावा किया कि बांग्लादेशी मुस्लिम घुसपैठिए पूरे देश में फैल गए हैं और विभिन्न राज्य सरकारें उन्हें चिह्नित कर वापस भेज रही हैं, लेकिन ममता ऐसा नहीं कर रही हैं क्योंकि ये लोग उनके “कोर वोटर” हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल की मतदाता सूची में एक करोड़ से अधिक घुसपैठियों के नाम शामिल हैं, और चुनाव आयोग इस सूची को संशोधित कर घोटाले को उजागर करेगा।
सिन्हा ने कहा कि बंगालियों पर कोई अत्याचार नहीं हुआ, बल्कि कार्रवाई केवल अवैध घुसपैठियों पर हो रही है।
राहुल सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी दुर्गापुर रैली को लेकर कहा कि मोदी बार-बार बंगाल आएंगे और टीएमसी का बंगाल से “सफाया” करेंगे। उन्होंने दावा किया कि यह रैली बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव लाएगी।
इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वह विदेश नीति पर “पाकिस्तान जैसी भाषा” बोलते हैं। इस पर जवाब देते हुए राहुल सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस को बदनाम कर रहे हैं।
वहीं, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को पहलगाम के हमलावरों की पहचान कर लिए जाने को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा कि उन्हें जल्द सजा दे दी जाएगी।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल सिन्हा ने केंद्र सरकार और सुरक्षा बलों की ईमानदारी की सराहना की और विश्वास जताया कि इस मामले में जल्द सफलता मिलेगी। सिन्हा ने कहा कि देश कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है और ऐसा ही होगा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

