तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के चंद्रकोणा नगरपालिका क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। वार्ड संख्या 2 के मित्रसेनपुर और वार्ड संख्या 6 के चासीमहल में दो नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों का वर्चुअल उद्घाटन राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किया।
उद्घाटन के अवसर पर आयोजित समारोह में स्थानीय नगरपालिका की चेयरमैन प्रतिमा पात्र, पार्षदगण, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, आशा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि इन उप-स्वास्थ्य केंद्रों के खुलने से अब “स्वास्थ्य आपके द्वार” की परिकल्पना साकार होती दिखाई दे रही है। केंद्र प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक खुले रहेंगे।

यहां सामान्य जांच, प्राथमिक उपचार, परामर्श सेवाएं और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रशासन के अनुसार, प्रत्येक केंद्र पर नियमित रूप से डॉक्टर और प्रशिक्षित नर्स की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अब छोटी-मोटी बीमारियों के लिए दूर अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी, साथ ही समय पर उपचार भी संभव हो सकेगा।
चेयरमैन प्रतिमा पात्र ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी व्यक्ति प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। इन केंद्रों के शुरू होने से न केवल वार्डवासियों को राहत मिलेगी,
बल्कि चंद्रकोना ग्रामीण अस्पताल पर पड़ने वाला दबाव भी कम होने की उम्मीद है। चंद्रकोना में यह पहल स्वास्थ्य व्यवस्था को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने की दिशा में एक सार्थक कदम मानी जा रही है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



