खड़गपुर : सारा बंगाल अस्पताल व जनस्वास्थ्य रक्षा संगठन के पूर्व मेदिनीपुर जिला कमेटी ने केंद्र व राज्य सरकार की स्वास्थ्य नीतियों पर कटाक्ष करते हुए स्वास्थ्य क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार व अस्पताल हादसों के दोषियों को सजा देने के साथ जनस्वास्थ्य आंदोलन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से मेचेदा विद्यासागर ग्रंथागार के सभागार में एक कार्यशाला का आयोजन किया।
कार्यशाला स्वास्थ्य आंदोलन के पथप्रदर्शक डॉ. नॉर्मन बेथुन के चित्र पर माल्यार्पण से शुरू हुई। इसका संचालन संगठन के राज्य अध्यक्ष डॉ. विश्वनाथ पडिया ने किया। संगठन के राज्य सह-सचिव डॉ. सत्यजित राय ने कहा, “केंद्र व राज्य सरकार की सर्वनाशकारी स्वास्थ्य नीतियों ने स्वास्थ्य क्षेत्र में असीमित भ्रष्टाचार को जन्म दिया है। अस्पताल हादसों के सभी दोषियों को कड़ी सजा दिलाना हमारा लक्ष्य है।”
मेडिकल सर्विस सेंटर के अखिल भारतीय महासचिव डॉ. भवानी शंकर दास, प्रोग्रेसिव मेडिकल प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के जिला नेता रामचंद्र सांत्रा तथा मेडिकल सर्विस सेंटर के पूर्व जिला सचिव डॉ. जयदेव घड़ा ने भी स्वास्थ्य नीतियों, भ्रष्टाचार व आंदोलन की दिशा पर विचार रखे।
जिले के विभिन्न ब्लॉकों से बड़ी संख्या में प्रतिनिधि उपस्थित रहे। परिचर्चा में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी नीतियों व आंदोलन के मुद्दों पर विस्तृत विमर्श हुआ। आयोजकों ने आंदोलन को तेज करने का संकल्प लिया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

