जाली कागजात से अमेरिकन वीजा बनवाने पहुंचा हरियाणा का युवक कोलकाता में गिरफ्तार

कोलकाता। जाली कागजात से अमेरिकन वीजा बनवाने पहुंचे हरियाणा के युवक को कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक की पहचान हरियाणा के यमुनानगर जिला निवासी दलजीत सिंह के रूप में हुई है। कोलकाता के शेक्सपीयर सरणी थाने की पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार की बताई जा रही है। युवक यहां स्थित यूएस वाणिज्य दूतावास में वीजा के लिए पहुंचा था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यहां स्थित यूएस दूतावास के अधिकारी ने शेक्सपीयर सरणी थाने में इसकी शिकायत की। इसमें बताया गया कि दलजीत सिंह नामक युवक दूतावास में वीजा के लिए आया है। इंटरव्यू के पहले उसके द्वारा जमा कराए गए कागजातों की जांच की गई तो उनमें से कुछ कागजात जाली पाए गए। दलजीत से वीजा से संबंधित अधिकारियों ने जब इस बारे में पूछताछ की तो वह कुछ भी सही जवाब नहीं दे पाया।

इसके बाद दूतावास के अधिकारियों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही और यह जानने की कोशिश कर रही है कि जाली दस्तावेज उसने किसकी मदद से बनवाए थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *