हावड़ा, 10 जनवरी 2026: पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए हरियाली साथी संगठन ने एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया। यह कार्यक्रम हावड़ा के शिवपुर स्थित भवानी बालिका विद्यालय (प्राइमरी) में आयोजित किया गया, जहां स्कूल के छोटे-छोटे छात्रों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में हरियाली साथी की टीम ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने बताया कि रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतें जैसे प्लास्टिक का कम इस्तेमाल, पेड़ लगाना, पानी और बिजली बचाना, कचरा अलग-अलग डस्टबिन में डालना और पेड़ों की देखभाल करना कैसे पर्यावरण को बचा सकता है।

बच्चों को बताया गया कि अगर हम आज से ही जागरूक हो जाएं, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरा-भरा पर्यावरण मिलेगा।
हरियाली साथी के सदस्य अजय प्रसाद ने बच्चों से खुलकर बातचीत की और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के आसान तरीकों से अवगत कराया।
उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि वे घर और स्कूल में भी अपने दोस्तों-परिवार को पर्यावरण बचाने के लिए प्रेरित करें। टीम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण प्रेम की भावना जगाना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में हरियाली साथी के अन्य सदस्य विनय कुमार, राजकुमार गुप्ता और संदीप त्रिपाठी ने भी सक्रिय भागीदारी की।
विद्यालय की ओर से हेड टीचर प्रसेनजित दासगुप्ता, असिस्टेंट टीचर सूरज नाथ दास और अपराजिता बनर्जी ने पूरे आयोजन में भरपूर सहयोग दिया और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंत में हरियाली साथी की टीम ने विद्यालय को पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके सहयोग के लिए एक विशेष सर्टिफिकेट प्रदान किया। यह सर्टिफिकेट स्कूल के प्रयासों को सम्मान देने और छात्रों को और अधिक प्रेरित करने के लिए दिया गया।
यह अभियान हरियाली साथी के उस बड़े लक्ष्य का हिस्सा है, जिसमें वे राज्य के विभिन्न स्कूलों और समुदायों में जाकर पर्यावरण जागरूकता फैलाना चाहते हैं। छोटे बच्चे ही भविष्य के संरक्षक हैं, और उन्हें जागरूक करना सबसे जरूरी है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।




