‘चिरनूतन का आह्वान’ थीम पर 165वीं जयंती पर कविगुरु को भावपूर्ण श्रद्धांजलि
तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। झाड़ग्राम जिला अंतर्गत बीनपुर के शिल्दा स्थित शिल्दा चन्द्रशेखर कॉलेज में मंगलवार को कविगुरु रविंद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाई गई।
कॉलेज की सांस्कृतिक परिषद तथा बंगाली विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशेष समारोह की थीम थी – ‘चिरनूतन का आह्वान’, जिसने उपस्थित सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को रवींद्र चिंतन की अनश्वर चेतना से जोड़ दिया।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुशांत कुमार दोलुई की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में उपप्राचार्या डॉ. सुजाता तिवारी सहित अनेक शिक्षक-शिक्षाविदों ने सहभागिता की। डॉ. तिवारी ने अपने प्रेरक वक्तव्य में रवींद्रनाथ ठाकुर के साहित्य, दर्शन और मानवीय दृष्टि की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
लगभग 278 छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष जीवंतता प्रदान की। विद्यार्थियों ने गीत, कविता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कविगुरु को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभाग की अनामिका माझी तथा बंगाली विभाग के डॉ. अभीक प्रधान ने किया। अंत में बंगाली विभागाध्यक्ष संजय कुमार कर के समापन संबोधन के साथ समारोह संपन्न हुआ। सांस्कृतिक विभाग की संयोजिका अनामिका माझी ने सभी उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रवींद्र स्मरण का यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को साहित्य, संस्कृति और मानवीय मूल्यों से जोड़ने का प्रेरक प्रयास बनकर उपस्थित जनों के मन में लंबे समय तक अंकित रहेगा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

