कोलकाता। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के केन्द्रीय विपणन संगठन मुख्यालय में 14 से 28 सितंबर तक आयोजित ‘हिन्दी पखवाड़ा 2026’ साहित्यिक गरिमा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, निदेशक (वाणिज्य) टी.एन. नटराजन द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) देवब्रत दत्ता सहित शीर्ष प्रबंधन व बड़ी संख्या में कार्मिक उपस्थित रहे।
पखवाड़े के दौरान स्लोगन लेखन, श्रुतलेखन, अनुवाद, पत्र-लेखन, अंताक्षरी, हिन्दी क्विज और कविता पाठ जैसी विविध प्रतियोगिताओं के माध्यम से कार्मिकों की भाषाई प्रतिभा और रचनात्मकता मुखरित हुई। साथ ही विशेष कार्यशाला व ज्ञानवर्धक राजभाषा संगोष्ठी का भी सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन राजभाषा अधिकारी अजय शंकर मिश्र ने किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में डॉ. विजय मोहन बरेजा, पंडित ओम प्रकाश मिश्र, पूनम दीक्षित सहित कई गणमान्य विशेषज्ञों का निर्णायक व संकाय सदस्य के रूप में सराहनीय योगदान रहा।
28 सितंबर को आयोजित समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में देवब्रत दत्ता ने कहा कि हिन्दी केवल प्रशासनिक अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक है।
उन्होंने हिन्दी को आधुनिक तकनीक और दैनिक कार्यप्रणाली से जोड़कर सहज बनाने का आह्वान किया। इस वृहद आयोजन को सफल बनाने में महाप्रबंधक (मा.सं.) संजित कुमार दास के मार्गदर्शन में राजभाषा कक्ष की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

