बंगाल में जनतंत्र का गुंडातंत्र ने अपहरण कर लिया है : नकवी

कोलकाता। केंद्र की मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने ममता बनर्जी सरकार पर संवैधानिक मूल्यों की लगातार धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि हम ( केंद्र सरकार ) इस पर मूकदर्शक बने नहीं रह सकते। भाजपा राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी और पश्चिम बंगाल के हुगली से भाजपा की लोकसभा सांसद लॉकेट चटर्जी के साथ संसद भवन परिसर में मीडिया से बात करते हुए मुख्तार अब्बास नकवी ने आरोप लगाया कि राज्य में संवैधानिक मशीनरी का आपराधिक अराजकता ने अपहरण कर लिया है।

उन्होंने कहा कि, पश्चिम बंगाल में जनतंत्र का गुंडातंत्र ने अपहरण कर लिया है जो लोकतांत्रिक व्यवस्था, जनतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मयार्दाओं के लिए बहुत ही चिंता की बात है। नकवी ने कहा कि एक के बाद एक जिस तरह से तृणमूल कांग्रेस सरकार, तृणमूल कांग्रेस पार्टी और उनकी नेता ममता बनर्जी अपने सरंक्षण में लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या करवाने की कोशिश कर रही है वो पूरे देश के लिए चिंताजनक बात है।

राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए नकवी ने कहा कि हमारा देश संघवाद से चलता है। अगर ममता बनर्जी संवैधानिक मूल्यों की धज्जियां उड़ाती है तो हम उस प्रतियोगिता में नहीं पड़ते, लेकिन हम मूकदर्शक भी बने नहीं रह सकते। पश्चिम बंगाल के हुगली से भाजपा की लोकसभा सांसद लॉकेट चटर्जी ने भाजपा विधायकों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए इसके लिए सीधे राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को जिम्मेदार ठहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *