खड़गपुर ब्यूरो | 01 अक्टूबर 2026: लगातार बारिश के बाद पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत घाटाल महकमे के कई इलाकों में फिर जलजमाव और बाढ़ की स्थिति पैदा होने से स्थायी समाधान की मांग तेज हो गई है।
इसी मुद्दे पर घाटाल मास्टर प्लान रूपायन संग्राम कमेटी ने बीरसिंह में मुख्यमंत्री के नाम आठ सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। कमेटी ने मास्टर प्लान के पहले चरण के लिए 1200 करोड़ रुपये आवंटित किए जाने की घोषणा का स्वागत करते हुए पूजा के बाद तत्काल काम शुरू करने की मांग की।
शिलावती नदी की समस्या
कमेटी के संयुक्त सचिव नारायण चंद्र नायक ने कहा कि शिलावती नदी लंबे समय से गाद से भरी है। ‘नो-कॉस्ट’ पद्धति से धीमी गति से हुए कार्य का खामियाजा महकमे के लाखों लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें
ज्ञापन में निम्नलिखित मांगें रखी गईं—
- शिलावती के निचले 23 किलोमीटर हिस्से की सफाई
- कमजोर तटबंधों को मजबूत करना
- चंद्रेश्वर खाल को शिलावती से जोड़ना
- पंप हाउस व ड्वार्फ वॉल बनाना
- ग्राम पंचायत स्तर पर निगरानी समिति गठित करना
- साहेबघाट व बंदर क्षेत्र में कंक्रीट पुल सहित बांस-लकड़ी के पुलों को स्थायी पुल में बदलना
प्रतिनिधिमंडल में सत्यसाधन चक्रवर्ती, अंजन जाना, जगबंधु माजी आदि शामिल थे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

