तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। घाटाल अनुमंडल के मेधावी विद्यार्थियों के लिए रविवार का दिन सम्मान और प्रेरणा का उत्सव बन गया। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की घाटाल शाखा ने दिलीप कुमार गुच्छाइत चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से “मेधा सम्मानना एवं उत्साह प्रदान-2026” का आयोजन कर माध्यमिक, उच्च माध्यमिक और हाई मदरसा परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम के आधिकारिक सहयोगी के रूप में कोलाघाट ग्रीन ट्रैवलर्स जुड़े रहे।
समारोह में मेधावियों को स्मृति-चिह्न, सम्मान-पत्र और शुभकामना स्मारक भेंट कर उनके परिश्रम और उपलब्धियों का अभिनंदन किया गया। मुख्य अतिथि डिप्टी कलेक्टर कासिम साबिर, डिप्टी मजिस्ट्रेट मृदुल श्रीमानी, समाजसेवी दिलीप कुमार गुच्छाइत, एडीआई हिमाद्रि घोष, एसआई सौमेन दे सहित रेडक्रॉस सोसाइटी, घाटाल शाखा के पदाधिकारी और क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतिभा तभी सार्थक होती है, जब उसे सही मार्गदर्शन और अवसर मिलें। उन्होंने शिक्षा को समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे सशक्त शक्ति बताते हुए युवाओं से ज्ञान, अनुशासन और सामाजिक दायित्व के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
आयोजकों ने बताया कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य केवल उपलब्धियों का अभिनंदन करना नहीं, बल्कि मेधावी विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जगाकर उन्हें भविष्य की नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करना भी है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।


