कोलकाता। न्यू बैरकपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब छह किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार न्यू बैरकपुर थाना क्षेत्र के बिलकांडा 2 नंबर ग्राम पंचायत के तलबंदा हेमंतनगर निवासी अभिषेक विश्वास उर्फ अमित (26) को गिरफ्तार किया गया है।
बताया जा रहा है कि अभिषेक पिछले कई वर्षों से गांजा तस्करी के धंधे में लिप्त है। हालांकि, हाल के वर्षों में प्रशासन की सख्ती के कारण उसका कारोबार प्रभावित हुआ था, लेकिन पुलिस को शक है कि वह अब भी छोटे दुकानों जैसे किराना या चिकन दुकानों के माध्यम से तस्करी का धंधा चला रहा था।
बरामद गांजे का स्रोत कहां है और इसे किसे सप्लाई किया जाना था, इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है।
साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी में और कौन-कौन शामिल हैं। गिरफ्तार अभिषेक विश्वास को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई को न्यू बैरकपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर भी इस गिरफ्तारी के बाद मादक पदार्थों के कारोबार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

