हुगली। भद्रेश्वर थाना अंतर्गत चांपदानी क्षेत्र में विश्व नदी दिवस-2026 के अवसर पर चांपदानी नगरपालिका एवं जिला गंगा कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में गंगा संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान गंगा तट पर स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त रखने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर बच्चों के लिए चित्रांकन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से गंगा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न संदेशों को चित्रों के रूप में प्रस्तुत किया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में चांपदानी नगरपालिका प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा जिला गंगा कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों ने गंगा को स्वच्छ रखने तथा जलस्रोतों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया। बच्चों में पर्यावरण एवं नदी संरक्षण के प्रति उत्साह बढ़ाने के लिए चित्रांकन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी प्राकृतिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत है। इसकी स्वच्छता और संरक्षण के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों की सहभागिता भी आवश्यक है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

