धार्मिक अनुष्ठान के बीच दिखा सौहार्द और आत्मीयता का माहौल
तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिले की पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना के आवास पर गणेश पूजा का आयोजन धूमधाम और धार्मिक आस्था के साथ हुआ। पूजा को लेकर सुबह से ही एसपी आवास पर उत्सव का माहौल रहा। वैदिक रीति-रिवाजों और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भगवान गणेश की पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
गणेश पूजा के इस आयोजन में पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिले के कई विधायक, जनप्रतिनिधि और विशिष्ट लोग भी शामिल हुए।
इनमें विधायक शंकर गुच्छाइत, विधायक रामप्रसाद गिरि, सबंग के विधायक अमल पंडा, विधायक अजीत कुमार जाना, विधायक शीतल कपाट और तन्मय दास प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा जिले के अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग भी पूजा में शामिल हुए।
सुबह से ही एसपी आवास पर अतिथियों के पहुंचने का सिलसिला बना रहा। पूजा-अर्चना के बाद उपस्थित लोगों के बीच सौहार्दपूर्ण मुलाकात और विभिन्न विषयों पर अनौपचारिक बातचीत का दौर भी चला। पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने आयोजन को एक व्यापक सामाजिक स्वरूप प्रदान किया।
गणेश पूजा के अवसर पर एसपी आवास में धार्मिक आस्था के साथ आपसी मेल-जोल और सद्भाव का वातावरण भी देखने को मिला। अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों की सहभागिता के कारण पूरा आयोजन एक आत्मीय मिलन समारोह जैसा नजर आया। उत्सवपूर्ण वातावरण में संपन्न इस आयोजन में सभी ने भगवान गणेश से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

