IMG 20260218

विनय सिंह बैस की कलम से… ढाई आखर प्रेम का

नई दिल्ली। ‘प्रेम’ के ढाई आखर पंडित ही नहीं आमजन भी सृष्टि की शुरुआत से, मनु-सतरूपा के समय से पढ़ते आये हैं। हमारे जमाने मे भी लोगों को ‘प्यार’ होता ही था। कामदेव के बाण से सभी लोग कभी न कभी बिंधे ही है। लेकिन तब प्यार का ‘फल’ नेचुरल तरीके से, बड़े हौले-हौले पकाया करते थे लोग। तब के प्रेमी बड़े स्लो होते थे।

इतने डेड स्लो कि समझो कि आज ‘सूरज’ और ‘चंदा’ में नजरें टकराई। दिलों में कुछ सिहरन, गुदगुदी सी हुई। मन को कुछ अच्छा सा लगा, शरीर रुई के फाहे की तरह हल्का हुआ, हवाओं के साथ उड़ने लगा। मौसम कुछ बसंती सा हुआ। प्यार की कोमल कोंपलें निकलने लगी। पात रहित पौधों में धीरे-धीरे हरियाली छाने लगी।

अब एक आध महीना तो ‘सूरज’ आसमान वाले ‘चंदा’ में अपनी ‘चंदा’ की सूरत खोजता रहेगा, किसी चौपाटी के किनारे उसका नाम लिखता-मिटाता रहेगा। फेयर कॉपी के सबसे पीछे वाले पेज में उसकी तस्वीर पेन, पेंसिल, कलर से बनाता रहेगा। फिर उस पन्ने को फाड़कर फेंकता रहेगा या केवल परीक्षा के समय खुलने, पढ़ी जाने वाली किसी ‘हिंदी’ जैसी किताब में छुपाता रहेगा।

एक दो महीने बाद जब उसे अपनी ‘चंदा’ का सचमुच का पता मालूम हो जाएगा तो दो चार दिन उस गली में ऐसे ही घुर-फिर करेगा। अपने घर के पास वाली बड़ी सी किराना के दुकान के बजाय उसके घर के सामने वाली छोटी सी दुकान से सौदा-सुल्फा खरीदने लगेगा। उस गली में रहने वाले अपने क्लास के सबसे नालायक बच्चे से होमवर्क पूछने जाएगा।

कभी सायकिल का चेन उसके घर के सामने जानबूझकर उल्टा पैडल मारकर उतार देगा और फिर इस उम्मीद से वापस चढ़ाएगा कि चेन चढ़ाते-चढ़ाते, चंदा छत पर आ आएगी, उसे दिख जाएगी। सूरज के चाहतों की चेन, चंदा की घिर्री पर बैठ जाएगी और फिर उनके प्यार की सायकिल रफ्तार पकड़ लेगी।

ठीक है कि दो-चार महीना सूरज सिर्फ हाथ काला करेगा, उसकी कुंडली में कृष्ण पक्ष चलता रहेगा। लेकिन फिर किसी शुभ दिन उसकी किस्मत में शुक्ल पक्ष भी आएगा। उसी शुभ दिवस की पूर्णिमा को उसकी चंदा, सूरज को देखकर हौले से मुस्करा देगी।

उसे लगेगा कि मानो ईश्वर ने उसकी विनती सुन ली, उसकी वर्षो की तपस्या सुफल हुई। उसके पावर वाले फेज को एकदम से सॉलिड अर्थिंग मिल गई, उनके प्यार का बल्ब जल उठा। उसके तन-मन में ग्यारह हजार वोल्ट का करंट दौड़ने लगा। सारा जहां एकदम से रोशन हो गया।

यह भी पढ़ें:  दीपा ओझा की कविता : "काश किसी दिन ऐसा होता"

अब सूरज दो चार महीने धरती पर पांव न रखेगा। उड़ता सा फिरेगा, मनमौजी सा झूमेगा। उसका मन मयूर यूँ नाचता रहेगा मानो तपती जेठ में मनभावन सावन बरस पड़ा हो। मानो शुष्क पतझड़ में एकदम से चारों तरफ फूल ही फूल खिल गए हों। मानो कड़कड़ाती सर्दी के बाद एकदम से धूप खिल गई हो। मानो पूरी दुनिया स्विट्जरलैंड बन गई हो। मानो…….

अब कुछ महीने हवा में उड़ने के बाद जब उसके पांव जमीन पर पड़ेंगे। जोश के बाद कुछ होश आएगा तो खूब प्लानिंग करके, बड़ी हिम्मत करके वह, चंदा की किसी सहेली/हमउम्र पड़ोसी/ चचेरी-मौसेरी-फुफेरी बहन ‘रोशनी’ के माध्यम से अपनी फेयर कॉपी के बीचोबीच से स्टेपलर निकालकर दो पन्ने निकालेगा और उनमें-

“दुनिया मांगे अपनी मुरादें, मैं तो मांगू चंदा”
लिखकर और गुलाबी दिल को लाल रंग के तीर से चीरकर इस प्रेम पत्र को धड़कते दिल के साथ भेज देगा। इस उम्मीद के साथ कि कि डाकिया धोखा न दे, कोई गड़बड़ न करे तथा उसका पहला प्रेमपत्र सही समय पर सही हाथों में पहुंचा दे। आपातस्थिति में डाकिए को पत्र के छोटे-छोटे टुकड़े करने या फिर कम समय होने पर कपड़ों में छुपा लेने का भी हुनर आता हो।

उस समय के कई ‘बहादुर प्रेमी’ अपने प्यार की गहराई और गाढ़ापन साबित करने के लिए अपने खुद के खून से अपनी प्रेमिका को पत्र लिखा करते थे। संदेश साफ था कि तुम्हें पाने के लिए खून बहा सकता हूँ- अपना भी और हमारे प्रेम में पहरा लगाने वाले पहरेदार का भी। हालांकि समझदार शहरी प्रेमी दिल के मामले में भी दिमाग से काम लेते थे। मंजिल उनकी भी वही होती थी, लेकिन मार्ग दूसरा अपनाते थे।

ऐसे ‘नाजुक प्रेमी’ अपने खून के बजाय खून से मिलते-जुलते रंग से अपनी प्रेमिका को खत लिखा करते थे। मेरा मानना है कि इस दोनों तरह के खतों का सफलता प्रतिशत लगभग बराबर ही होता था। क्योंकि उस समय तक ऐसी कोई सस्ती और सुलभ तकनीक उपलब्ध न थी जो असली और नकली खून की लिखावट में फर्क बतला सकें।

खैर, सूरज का खत चंदा तक पहुंचता तो वह पहले चोर नजरों से इधर-उधर देखती। मौके का मुआयना करती, पत्रवाहक की विश्वसनीयता की जांच करती और फिर कांपते हाथों तथा धौंकनी की तरह धड़कते दिल के साथ पत्र को एकबार में मुट्ठी में कसकर दबा लेती। डाकिए को इस आश्वासन के साथ विदा करती कि- “तू मेरे काम आई है तो मैं भी तेरे काम आऊंगी किसी दिन। तेरा अहसान रहा मुझ पर, लेकिन अभी चली जा बहन। मुझे अकेला छोड़ दे।”

यह भी पढ़ें:  शब्द, शंख और शालपत्र की महक में- गोपीबल्लभपुर में ‘भाँगन’ और ‘शंखाजान’ का आलोकित अवतरण

अब वह मुट्ठी में कसकर दबाए हुए, मुड़े-तुड़े खत को पहली नजर में हड़बड़ी से देखती। अपना नाम देखती, लाल दिल देखती, फिर जोर से मुट्ठी में खत को बंद कर लेती। जब धड़कने कुछ सामान्य होती तो खत को मेज पर रखकर बड़े प्यार से दोनों हथेलियों से सीधा करती। उस छोटे से चार लाइन के पत्र को पुनः पढ़ती, बार-बार पढ़ती। हर बार उसे नए अर्थ, नए भाव मिलते। गुलाबी दिल की सुर्खियत बूझने और खून से लिखी शायरी का अर्थ समझने में कई बार महीनों लग जाते थे।

उधर सूरज की हालत पतली रस्सी पर चलने वाले नट के माफिक होती। कभी उसे लगता कि जवाब न आया तो वह रस्सी से धड़ाम से गिर पड़ेगा फिर लगता कि नहीं वह प्रेम परीक्षा पास हो जाएगा, रस्सी के दूसरे छोर तक पहुंच जाएगा। अब वह कुछ ज्यादा धार्मिक बन जाता।

सुबह- सबेरे शंकर जी को जल चढ़ाता और मन ही मन बुदबुदाता कि- “भोलेनाथ हम पर भी कृपा करो। मिला दो हमें भी अपनी गौरा से, भिजवा दो पत्र का जवाब। सोलह शिवरात्रि व्रत रखूंगा मैं।”

उधर चंदा कई बार पत्र लिखने की कोशिश करती। कभी दो लाइन, कभी चार लाइन। कभी उसे लाइन पसंद न आती तो कभी दिल का डिज़ाइन न भाता। एक बार पूरा खत लिख भी लिया था लेकिन किसी अनुभवी सहेली ने बताया कि सादे पेपर में नहीं, गुलाबी पेपर में लिख तू। अच्छा इम्प्रेशन पड़ेगा। तब वह हिम्मत करके बहुत दूर वाली स्टेशनरी वाली दुकान से पिंक लेटर पैड लाई थी। फिर उसमें multicolour वाले स्केच पेन से पत्र लिखा। शायरी भी लिखी –

“लिखती हूँ मैं खून से, स्याही न समझना,
मरती तुम्हारी याद में, जिंदा न समझना।”
चारों कोनों में छोटे-छोटे दिल बनाती और बीच में एक बड़ा सा दिल बना होता। साथ ही दिल को भेदता हुआ तीर भी। संदेश यह कि – “तुम्हारे एक दिल के जवाब में मेरे पांच दिल। तुम्हारे सफेद, लाइन वाले पत्र के जवाब में मेरा प्लेन पेपर वाला पिंक पत्र। तुम्हारे चार लाइन के जवाब में मेरा पूरा एक पेज का पत्र।”

यह भी पढ़ें:  राज्य स्तरीय युवा सृजनात्मक लेखन प्रतियोगिता - 2023

साइन्स मानती होगी कि सूरज हज़ारों गुना बड़ा है चंदा से। पर चंदा का खत मिलती ही सूरज को विश्वास हो जाता कि साइंस फिक्शन है, उनका प्यार रियल है- “चंदा जितना बड़ा दिल किसी ग्रह-उपग्रह के पास नहीं है, सूरज के पास भी नहीं।”

(विनय सिंह बैस)
सूरज को बचपन से और चंदा को तरुणाई से जानने वाले

Vinay Singh
विनय सिंह बैस, लेखक/अनुवाद अधिकारी

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

Kolkata News Desk Avatar

Kolkata News Desk

News Editor MA

कोलकाता और पश्चिम बंगाल की ब्रेकिंग न्यूज, स्थानीय घटनाओं, खेल, राजनीति और सामाजिक मुद्दों की खबरों को कवर करता है। हमारी डेस्क टीम 24×7 सक्रिय रहकर पाठकों को ताज़ा और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराती है।

Areas of Expertise: Sports, Politics & West Bengal
Fact Checked & Editorial Guidelines

Our Fact Checking Process

We prioritize accuracy and integrity in our content. Here's how we maintain high standards:

  1. Expert Review: All articles are reviewed by subject matter experts.
  2. Source Validation: Information is backed by credible, up-to-date sources.
  3. Transparency: We clearly cite references and disclose potential conflicts.
Reviewed by: Subject Matter Experts

Our Review Board

Our content is carefully reviewed by experienced professionals to ensure accuracy and relevance.

  • Qualified Experts: Each article is assessed by specialists with field-specific knowledge.
  • Up-to-date Insights: We incorporate the latest research, trends, and standards.
  • Commitment to Quality: Reviewers ensure clarity, correctness, and completeness.

Look for the expert-reviewed label to read content you can trust.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

11 − two =