संवाद सूत्र, कोलकाता। हर साल की तरह इस वर्ष भी भारत सेवाश्रम संघ ने अमरनाथ तीर्थयात्रियों के लिए नि:शुल्क चिकित्सा सेवा शुरू की है। अमरनाथ यात्रा मार्ग पर चंदनवाड़ी में एक मेडिकल कैंप लगाया गया है, जहाँ तीर्थयात्रियों को नि:शुल्क दवाइयाँ दी जा रही हैं।
इसके अलावा, पहाड़ की चढ़ाई शुरू करने से पहले तीर्थयात्रियों के ऑक्सीजन स्तर की जांच की भी सुविधा इस कैंप में उपलब्ध है।
यह सेवा भारत सेवाश्रम संघ की जम्मू शाखा के प्रमुख स्वामी सत्यमीत्रानंद महाराज के नेतृत्व में संचालित हो रही है।
साथ ही संघ के जम्मू कार्यालय में तीर्थयात्रियों के लिए भंडारे की भी व्यवस्था की गई है, जहाँ उन्हें नि:शुल्क भोजन और आवास की सुविधा दी जा रही है।

भारत सेवाश्रम संघ के प्रधान सचिव स्वामी विश्वात्मानंद महाराज ने बताया कि संघ यह चिकित्सा शिविर कई वर्षों से आयोजित करता आ रहा है।
इस वर्ष भी कोलकाता सहित संघ की विभिन्न शाखाओं से संन्यासी और स्वयंसेवक अमरनाथ में चिकित्सा सेवा दे रहे हैं। अमरनाथ यात्रा की पूरी अवधि तक अनुभवी चिकित्सक तीर्थयात्रियों को यह सेवा प्रदान करते रहेंगे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।
