IMG 20260326 WA0012

केंद्रीय रेशम उत्पादन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, बहरमपुर, मुर्शिदाबाद द्वारा चतुर्थ तिमाही राजभाषा हिंदी कार्यशाला संपन्न

कोलकाता। केंद्रीय रेशम उत्पादन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, बहरमपुर की वर्ष 2025-26 हेतु चतुर्थ तिमाही की राजभाषा हिंदी कार्यशाला दिनांक 25.03.2026 को संस्थान के अध्यक्ष डॉ. एस गांधी दास, निदेशक की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में आमंत्रित मुख्य अतिथि वक्ता डॉ. अमरदीप साव, सहायक प्रोफ़ेसर व विभागाध्यक्ष (हिंदी), रामकृष्ण मिशन आवासीय महाविद्यालय, नरेन्द्रपुर, कोलकाता (पश्चिम बंग) ने “सरकारी पत्राचार आधारित टिप्पण एवं मसौदा लेखन के प्रारूप एवं व्यावहारिक हिंदी की शोधपरक बोधगम्यता” विषय पर अपने बहुमूल्य विचार रखे।

कार्यक्रम का आरम्भ मुख्य अतिथि के स्वागत के उपरांत निदेशक के स्वागत वक्तव्य से हुआ। उक्त कार्यशाला में मुख्य अतिथि डॉ. अमरदीप साव को संस्थान-प्रमुख के कर-कमलों से भेंट स्वरूप संस्थान के 75वीं वर्षगांठ के स्मृति चिन्ह एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

“राजभाषा हिंदी कार्यशाला” में संस्थान के वैज्ञानिक एवं वरिष्ठ अधिकारी/कर्मचारी की उपस्थिति में श्री महेश साव, वरिष्ठ अनुवादक (हिंदी), के द्वारा संयोजन एवं संचालक कार्य संपन्न हुआ।

उक्त कार्यशाला में अतिथि वक्ता ने सरकारी पत्राचार में टिप्पण एवं मसौदे की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि टिप्पण और मसौदे की बारीकियों को समझने के लिए राजभाषा संबंधी विभिन्न नियमावलियों का अध्ययन अत्यंत आवश्यक है।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने व्यावहारिक हिंदी की बोधगम्यता पर प्रकाश डालते हुए प्रशासनिक हिंदी को सरल, स्पष्ट एवं बोधगम्य बनाने के व्यवहारिक उपायों पर चर्चा की। उन्होंने विशेष रूप से सरल एवं संक्षिप्त वाक्य-निर्माण पर बल देने की आवश्यकता बताई, जिससे संप्रेषण अधिक प्रभावी हो सके।

वर्तमान समय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सीमित रूप में द्विभाषिकता के प्रयोग को भी उपयोगी बताया। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) एवं अन्य तकनीकों का उपयोग अपनी कौशल-क्षमता को बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए, किंतु उन पर अत्यधिक निर्भरता व्यक्ति की स्वाभाविक क्षमताओं को सीमित कर सकती है।

कार्यशाला में संस्थान के सभी कर्मचारी एवं अधिकारीगण उपस्थित रहकर इसे सफल बनाया| कार्यशाला के अंतिम सत्र में प्रतिभागियों से महत्वपूर्ण प्रश्न लेकर उसपर चर्चा की गई| अंत में कार्यशाला का समापन अध्यक्षीय वक्तव्य एवं धन्यवाद् ज्ञापन से हुआ।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *