बेंगलुरु। कर्नाटक की एक विशेष अदालत ने शुक्रवार को पूर्व JDS सांसद और पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा के पोते प्रज्वल रेवन्ना को एक महिला कर्मचारी से बलात्कार के मामले में दोषी ठहराया है। अदालत शनिवार को सजा की घोषणा करेगी।
फैसला सुनते वक्त रेवन्ना बेहद भावुक नजर आया और कोर्ट से बाहर निकलते समय फफक कर रो पड़ा।
यह मामला 2023 में दर्ज हुआ था, जब एक 47 वर्षीय महिला ने रेवन्ना पर लगातार यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए थे। महिला रेवन्ना के पारिवारिक फार्महाउस में मेड के तौर पर कार्यरत थी और उसने बताया कि 2021 से उसका यौन उत्पीड़न किया जा रहा था। साथ ही, घटना की जानकारी देने पर अश्लील वीडियो लीक करने की धमकी भी दी जाती थी।
कोर्ट ने इस केस में बलात्कार, आपराधिक धमकी, ताक-झांक और अश्लील सामग्री प्रसारित करने जैसी धाराओं के तहत आरोप तय किए थे। 18 जुलाई को मामले की अंतिम सुनवाई पूरी हुई थी।
यह केस प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ दर्ज चार आपराधिक मामलों में से पहला है, जिसमें कोर्ट ने उन्हें दोषी ठहराया है। उल्लेखनीय है कि रेवन्ना का नाम पिछले साल सामने आए कर्नाटक सेक्स स्कैंडल में भी प्रमुख रूप से उभरा था, जहां उस पर 50 से अधिक महिलाओं के यौन उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग के आरोप लगे थे।
उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स से करीब 2,000 अश्लील वीडियो क्लिप्स भी सामने आए थे, जिससे यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में रहा।
2024 के लोकसभा चुनाव में रेवन्ना ने हासन सीट से दोबारा चुनाव लड़ा, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। विवादों के बाद JDS पार्टी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। अब सबकी निगाहें शनिवार पर टिकी हैं, जब अदालत रेवन्ना को दी जाने वाली सजा का ऐलान करेगी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

