तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पूर्व मेदिनीपुर जिले के महिषादल स्थित लक्ष्या हाई स्कूल में विश्वकला केंद्र की ओर से 50वाँ सांस्कृतिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसके साथ ही संस्था ने मात्र दो वर्षों में 50 सांस्कृतिक प्रशिक्षण शिविर पूरे कर लिए।
प्रशिक्षण शिविर में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को आवृति (पाठ), शुद्ध उच्चारण, हकलाहट निवारण, कहानी पाठ तथा मंचीय अभिव्यक्ति का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर का संचालन वाचिक कलाकार एवं विश्वकला केंद्र के संचालक बिश्वनाथ गोस्वामी ने किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। विद्यालय प्रशासन के अनुसार इस प्रकार के सांस्कृतिक प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास में सहायक सिद्ध होते हैं।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक देबाशीष दास ने कहा कि विश्वकला केंद्र द्वारा विद्यालय स्तर पर सांस्कृतिक अभ्यास को बढ़ावा देने का प्रयास सराहनीय है और इससे छात्रों को भाषा तथा प्रस्तुति कौशल विकसित करने का अवसर मिल रहा है।
विश्वकला केंद्र की ओर से बताया गया कि अब तक जिले के विभिन्न स्कूलों में 47 तथा कॉलेजों में 3 सांस्कृतिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच भाषा-संस्कृति और शुद्ध अभिव्यक्ति के प्रति जागरूकता फैलाना है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



