खड़गपुर : बंगाल के खेल जगत के लिए गहरा शोक का क्षण तब आया, जब अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बॉडीबिल्डर और खेल संगठक रामाप्रसाद मुखोपाध्याय का दोल (होली) पूर्णिमा के दिन मंगलवार शाम लगभग 7:15 बजे पुरुलिया में अपनी बेटी के घर निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही खेल समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई।
उनकी स्मृति में आज मेदिनीपुर के विद्यासागर मेमोरियल हॉल में पारंपरिक देशप्रिय व्यायामागार के तत्वावधान में एक भावुक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर विधायक सुजय हाजरा सहित आशीष चक्रवर्ती, चंदन बोस, प्रसेनजित साहा, गोपाल साहा, क्लब सचिव अरुण साउ तथा खेल व सामाजिक क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि रामाप्रसाद मुखोपाध्याय मेदिनीपुर में शारीरिक व्यायाम आंदोलन के प्रमुख प्रेरणास्रोत थे। उनके प्रयासों से स्थापित देशप्रिय व्यायामागार से प्रशिक्षण लेकर 1988 में विश्व एमेच्योर बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में सफलता प्राप्त करने वाले प्रसिद्ध बॉडीबिल्डर प्रेमचंद डेग्रा सहित कई खिलाड़ी आगे बढ़े।
1963 में स्थापित यह व्यायामागार महान बॉडीबिल्डर मनोहर आइच का भी प्रिय केंद्र रहा है। आज भी यहां प्रतिदिन लगभग सौ सदस्य अभ्यास करते हैं। रामाप्रसाद मुखोपाध्याय का योगदान बंगाल के खेल इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

