मुर्शिदाबाद। रानीनगर थाना अंतर्गत कटलामार इलाके में फर्जी आधार कार्ड तैयार करने के आरोप में रानीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस रैकेट का पर्दाफाश तब हुआ जब पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अबू सुफिया, रफीकुल इस्लाम और मोहम्मद जलाल उद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस ने उन्हें जिला अदालत में पेश करते हुए हिरासत में लेने की मांग की है।
रानीनगर का इलाका अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटा हुआ है, और कई बार ऐसी खबरें आती रही हैं कि बांग्लादेशी नागरिक भारतीय दस्तावेजों का उपयोग कर यहां अवैध रूप से रह रहे हैं।
इस पृष्ठभूमि में फर्जी आधार कार्ड बनाए जाने की घटना सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों के पास से कई अधूरे और तैयार आधार कार्ड मिले हैं, जिनमें कुछ पर भारतीय नागरिकों की पहचान और तस्वीरें नहीं मेल खा रही थीं।
इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि ये कार्ड सीमापार से आए लोगों को अवैध रूप से भारतीय नागरिक बनाने के लिए तैयार किए जा रहे थे।
डोमकल एसडीपीओ शुभम बजाज ने बताया कि “हमारी टीम ने तकनीकी विश्लेषण और खुफिया इनपुट के आधार पर इस गिरोह का पता लगाया। इस बात की जांच की जा रही है कि ये आरोपी किस नेटवर्क से जुड़े हैं और इनका संपर्क किन-किन लोगों से है। फर्जी दस्तावेजों की मदद से पहचान बदलना देश की सुरक्षा से सीधा खिलवाड़ है।”
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाएं न सिर्फ राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं बल्कि इससे जनगणना, वोटर लिस्ट और सामाजिक कल्याण योजनाओं की विश्वसनीयता भी प्रभावित होती है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

