एंटरटेनमेंट डेस्क, कोलकाता | 30 दिसंबर 2025: फिल्म इंडस्ट्री में कई ऐसे कलाकार रहे हैं जिन्होंने अभिनय के साथ-साथ अपनी अलग पहचान बनाई है, लेकिन बहुत कम लोग ऐसे हैं जिन्होंने फिटनेस और हेल्थ को भी अपने करियर का अहम हिस्सा बनाया हो।
ऐसी ही एक शख्सियत हैं गुरलीन चोपड़ा, जिन्हें आज न सिर्फ एक ग्लैमरस अभिनेत्री बल्कि फिटनेस की प्रेरणा के रूप में भी जाना जाता है।
मिस चंडीगढ़ से फिल्मी दुनिया तक का सफर
गुरलीन चोपड़ा का जन्म 30 दिसंबर 1990 को पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में हुआ। उन्होंने ‘मिस चंडीगढ़’ का खिताब जीतकर पहली बार सुर्खियां बटोरीं। यह वही पल था जिसने उनके करियर की दिशा बदल दी।

दोस्तों की सलाह पर उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा और धीरे-धीरे म्यूजिक वीडियो व विज्ञापनों से होते हुए फिल्मों तक पहुंचीं।
बहुमुखी प्रतिभा की धनी
गुरलीन ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत हिंदी फिल्म ‘इंडियन बाबू’ से की। इसके बाद फिल्म ‘कुछ तो गड़बड़ है’ में उन्होंने एक अनाथ लड़की का भावनात्मक किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने पसंद किया।
इसके साथ ही उन्होंने साउथ इंडस्ट्री में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। तेलुगु फिल्म ‘आयुधम’ उनके शुरुआती प्रोजेक्ट्स में शामिल रही। बाद में उन्होंने कन्नड़ और तमिल फिल्मों में भी अभिनय किया।
कन्नड़ फिल्म ‘मनमथा’ में निभाया गया उनका डबल रोल उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इस फिल्म में उनकी अदाकारी को दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों ने भी खूब सराहा।
फिटनेस को बनाया मिशन
गुरलीन का सफर सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने अपनी फिटनेस और हेल्थ के प्रति जुनून को एक मिशन में बदल दिया। एक फिटनेस कोच के तौर पर वे लोगों को सही डाइट, योग और नियमित व्यायाम के जरिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं।
उन्होंने डायबिटीज, हार्मोनल असंतुलन और थायराइड जैसी समस्याओं में प्राकृतिक और हेल्दी तरीकों को अपनाने पर जोर दिया। उनके मार्गदर्शन से दुनिया भर में लाखों लोग शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से बेहतर जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़े हैं।
डबल रोल से बनीं पहचान
एक ओर जहां गुरलीन चोपड़ा फिल्मों में अपनी एक्टिंग से पहचान बना रही हैं, वहीं दूसरी ओर वे फिटनेस कोच के रूप में लोगों की जिंदगी बदल रही हैं। एक्ट्रेस और फिटनेस एक्सपर्ट — यही डबल रोल उन्हें इंडस्ट्री के बाकी कलाकारों से अलग बनाता है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।






