- विमान बम की थी सूचना, 156 यात्री थे सवार
बैंकॉक। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया (Air India) की फ्लाइट AI-379 की शुक्रवार सुबह इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में बम होने की सूचना मिलने के बाद यह कदम उठाया गया। फ्लाइट में 156 यात्री सवार थे। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित फुकेट एयरपोर्ट पर उतार दिया। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा प्लेन की जांच की गई, लेकिन बम जैसी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
मामले की जांच जारी है कि बम की सूचना कैसे मिली। इससे पहले गुरुवार को एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 अहमदाबाद में हादसे का शिकार हो गई। फ्लाइट ने दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन टेक ऑफ के दो मिनट बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में अब तक 265 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। इनमें 241 यात्री और क्रू मेंबर हैं, जबकि 5 शव उस मेडिकल हॉस्टल से मिले हैं जिस पर विमान गिरा।
विमान जिस बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल पर गिरा, वहां हादसे के समय 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। मृतकों में 4 एमबीबीएस छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी भी शामिल हैं। फ्लाइट में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे।
इनमें 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात शामिल थे। इसके अलावा 12 क्रू मेंबर भी विमान में मौजूद थे। हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मृत्यु हुई है। इस भीषण हादसे में केवल एक यात्री की जान बच सकी है।
राहत और बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। इन दो बड़ी घटनाओं ने देश में विमान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

