Images 2022 03 24T141540.068

बंगाल में और आठ लाख महिलाएं विधवा पेंशन भत्ता योजना में शामिल

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधवा पेंशन भत्ता के नये आवेदनकारियों को चेक प्रदान कर इसकी शुरुआत की। कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में महानगर समेत हावड़ा, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना से आई कई महिलाओं को उन्होंने विधवा भत्ता का चेक प्रदान किया। इस मौके पर ममता ने कहा कि बंगाल में नए आवेदनकारी और आठ लाख महिलाएं विधवा पेंशन योजना से जुड़ गई हैं। हर महीने उन्हें एक हजार रुपये भत्ता मिलेगा। एक अप्रैल 2022 से इन महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 13 लाख महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल रहा था। आठ लाख नए आवेदनकर्ता के जुडऩे के बाद अब 21 लाख महिलाओं तक इस योजना का लाभ मिलेगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में इसके अलावा 1.75 करोड़ महिलाओं को राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई लक्ष्मी भंडार योजना का भी लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार द्वारे सरकार कार्यक्रम चल रही है। जिन महिलाओं ने लक्ष्मी भंडार योजना के लिए पहले आवेदन नहीं किया था और उन्होंने हाल में आयोजित द्वारे सरकार कैंप में आवेदन किया है, उन्हें भी इसका लाभ मिलेगा।

यह भी पढ़ें:  दार्जिलिंग में हुए रेल हादसे पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जताई चिंता

मुख्यमंत्री ने इस दौरान इस बात पर जोर दिया कि राज्य सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है और उन्हें इसका लाभ मिल रहा है। महिलाओं को लक्ष्मी भंडार योजना के तहत हर महीने एक निश्चित राशि मिलने से उन्हें घर- संसार चलाने में काफी मदद मिल रही है। ममता ने इस दौरान अपनी सरकार की कई उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने सबूज साथी से लेकर लड़कियों के लिए चलाई जा रही कन्याश्री योजना आदि का जिक्र किया। ममता ने इस बात पर जोर दिया कि इन योजनाओं से बड़ी संख्या में महिलाओं व लड़कियों को लाभ मिल रहा है और उन्हें सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

15 − 13 =