सितंबर में ईपीएफओ से जुड़े आठ लाख 94 हजार अंशधारक

नयी दिल्ली। सरकार ने कहा है कि सितंबर 2021 में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की भविष्य निधि से आठ लाख 94 हजार से अधिक, कर्मचारी राज्य बीमा निगम की स्वास्थ्य बीमा योजना से 13 लाख 37 हजार से अधिक और राष्ट्रीय पेंशन योजना से 72 हजार से अधिक कर्मचारी जोड़े गये हैं। केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने गुरुवार को सितंबर 2021 में रोजगार परिदृश्य से जुड़े आंकड़े जारी करते हुए यहां बताया कि सितंबर 2021 में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की कर्मचारी भविष्य निधि में कुल आठ लाख 94 हजार 732 नये कर्मचारी शामिल हुए हैं।

इनमें छह लाख 70 हजार 143 पुरुष और दो लाख 24 हजार 569 महिलायें हैं। इनके अलावा 12 किन्नर हैं और आठ के संबंध में जानकारी उपलब्ध नहीं है। सितंबर 2017 से सितंबर 2021 की अवधि में कुल ईपीएफओ में चार करोड़ 71 लाख 24 हजार 523 नए कर्मचारी शामिल हुए हैं। आंकड़ों के अनुसार कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) सितंबर 2021 के दौरान 13 लाख 37 हजार 797 कर्मचारी जोड़े गये हैं। इनमें से 10 लाख 99 हजार 189 पुरुष और दो लाख 38 हजार 577 महिलायें हैं।

इसके अलावा 31 अन्य श्रेणी में हैं। सितंबर 2017 से सितंबर 2021 तक कुल पांच करोड़ 70 लाख पांच हजार 426 कर्मचारी ईएसआईसी में शामिल हुए हैं।
राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) में सितंबर 2021 में कुल 72 हजार 923 कर्मचारी शामिल हुए हैं। इनमें केंद्र सरकार के 19 हजार 773, राज्य सरकारों के 41 हजार 19 और निजी क्षेत्र के 12 हजार 131 कर्मचारी शामिल हैं।

आंकडों में कहा गया है कि केंद्र सरकार के कर्मचारियों में 16 हजार 614 पुरुष और तीन हजार 59 महिला शामिल हैं। राज्य सरकारों के कर्मचारियों में 27 हजार 462 पुरुष और 13 हजार 552 महिलायें शामिल हैं। तीन अन्य की श्रेणी में हैं। निजी क्षेत्र में 9365 पुरुष और 2765 महिलायें शामिल हैं। सितंबर 2017 से सितंबर 2021 की अवधि में कुल 29 लाख 54 हजार 380 कर्मचारी एनपीएस में जाेड़े गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *