ईस्ट-वेस्ट मेट्रो : पहले दिन ही जबरदस्त भीड़, जानिए मेट्रो में कितने लोग सवार हुए, क्या है ट्रेनों का समय?

कोलकाता : सियालदह से साल्टलेक सेक्टर 5 ईस्ट-वेस्ट मेट्रो में पहले दिन ही जबरदस्त भीड़ हुई है। सूत्रों के मुताबिक पहले दिन 3 लाख से ज्यादा की कमाई हुई! सियालदह से मेट्रो में 12,700 यात्री सवार हुए और सेक्टर 5 की तरफ से लगभग 31 हजार यात्री। दो दिन पहले ही केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने हावड़ा मैदान से वर्चुअलि सियालदह मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन किया। गुरुवार को सियालदह से साल्टलेक सेक्टर 5 आम यात्रियों के लिए खोल दिया गया। जिससे यात्री काफी उत्साहित हैं।

सियालदह से साल्टलेक सेक्टर 5 पहुंचने में 21 मिनट का समय लगेगा। सियालदह के बाद फूल बागान, साल्टलेक स्टेडियम, बंगाल केमिकल, सिटी सेंटर, सेंट्रल पार्क, करुणामई, सेक्टर 5 स्टेशन है। सियालदह से पहली ट्रेन सुबह 6:55 पर खुलेगी जबकि सेक्टर 5 से सुबह 7:00 बजे खुलेगी। जबकि सियालदह से अंतिम ट्रेन रात को 9:35 बजे और सेक्टर 5 से रात 9:40 बजे खुलेगी। रविवार को छोड़कर, सोमवार से शनिवार के बीच प्रतिदिन 100 ट्रेन चलेंगी। ऑफिस टाइम में 15 मिनट के अंतराल पर ट्रेनें खुलेगी बाकी अन्य समय 20 मिनट के अंतराल पर।

गुरुवार सुबह 6:55 बजे पहली मेट्रो सियालदह से सेक्टर 5 के लिए रवाना हुई। हालांकि कुछ ही देर में भीड़ स्टेशन के बाहर जमा हो गई। टिकट काउंटर के सामने गेट खुलते ही यात्रियों की लंबी लाइन लग गई। सभी यात्री सियालदह और साल्टलेक सेक्टर 5 के बीच चालू हुई मेट्रो के पहली ट्रेन से यात्रा करना चाह रहे थे। भीड़ को संभालने के लिए मेट्रो अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

इस बीच सियालदह से मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद से ऑटो चालकों का सिर पर हाथ है। सियालदह से कुल आठ रूटों पर ऑटो चलते हैं। चालकों का कहना है कि मेट्रो शुरू होने के बाद कोई भी यात्री सेक्टर 5 में ब्रेकजर्नी कर यात्रा नहीं करना चाहता। 30 फीसदी यात्री रातों-रात गायब हो गए हैं, आगे पता नहीं क्या होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *