हास्य-व्यंग्य और श्रृंगार रस से सराबोर कवि सम्मेलन
कोलकाता। दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) ने अपना 78वाँ स्थापना दिवस और राजभाषा पखवाड़ा- 2025 का समापन समारोह मुख्यालय स्थित विवेकानंद सम्मेलन सभागार में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया। आयोजन की सबसे बड़ी आकर्षणीय कड़ी रहा कवि सम्मेलन, जिसमें हास्य-व्यंग्य के ठहाके और श्रृंगार रस की मधुर धाराओं ने पूरे सभागार को रसविभोर कर दिया।
कवि सम्मेलन का संचालन ओजस्वी अंदाज में कवि जय कुमार रुसवा ने किया। उनकी हास्य-व्यंग्यपूर्ण प्रस्तुतियों पर श्रोतागण देर तक तालियाँ बजाते रहे। श्रृंगार रस से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत कर कवयित्री मंजू बेज इशरत ने माहौल में भावनाओं और सुरों की मिठास घोल दी।
वहीं युवा कवि आदित्य त्रिपाठी की धारदार व्यंग्य कविताएँ हँसी के ठहाकों और उत्साह जनक तालियों में डूब गईं। समारोह की शुरुआत निगम अध्यक्ष एस. सुरेश कुमार (भा.प्र.से.) ने तीनों आमंत्रित कवियों का अभिनंदन कर एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर की।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (मा.सं.) अखिलेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (प्रचालन) तरुण कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजना) डी.के. सिंह, अपर सचिव राकेश रंजन, राजभाषा अधिकारी आशुतोष पांडेय सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। कवि सम्मेलन और पुरस्कार वितरण के इस संगम ने केवल साहित्यिक चेतना को नई ऊर्जा ही नहीं दी, बल्कि राजभाषा हिंदी की महत्ता को भी सशक्त स्वर में प्रस्तुत किया।
उत्साह और साहित्य प्रेम से भरे इस आयोजन से यह संदेश भी गया कि डीवीसी में राजभाषा हिंदी महज औपचारिकता नहीं, बल्कि सांस्कृतिक उत्सव और आत्मिक अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

