बंगाल में बंद के दौरान भाजपा समर्थकों ने कई जगहों पर रोकीं ट्रेनें, निकाला जुलूस

कोलकाता। नगरपालिकाओं के चुनाव में हुई हिंसा के विरोध में भाजपा की ओर से आज बुलाए गए, 12 घंटे के बंगाल बंद के दौरान छिटपुट घटनाएं देखी जा रही हैं। मतदान के दौरान राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से जमकर हिंसा की खबरें हैं। पश्चिम बंगाल में भाजपा ने निकाय चुनावों में कथित धांधली और हिंसा के खिलाफ आज सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। कई जगहों पर भाजपा व तृणमूल कांग्रेस समर्थक आपस में भिड़ गए। कुछ जगहों पर ट्रेनें रोकी गईं। बंद के समर्थन में भाजपा की तरफ से जुलूस निकाला जा रहा है। कुछ जगहों पर जबरन दुकान-बाजार बंद कराने की कोशिश की गई। पुलिस ने इन मामलों में कई भाजपा समर्थकों को हिरासत में लिया है। हुगली में भाजपा समर्थकों ने ट्रेनें रोकी।

वहीं, बालुरघाट में बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजुमदार के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन किया गया। राज्य के निकाय चुनावों में कथित हिंसा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता पुलिसकर्मियों से भिड़ गए। भाजपा के सुकांत मजूमदार ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन कर रहे थे, उनकी पिटाई की जा रही है। पुलिस टीएमसी के लिए कैडर की भूमिका निभा रही है, यह लोकतंत्र के खिलाफ है। आसनसोल में भी भाजपा समर्थकों ने जुलूस निकाला। कोलकाता में बंद का अब तक खास असर देखने को नहीं मिला है।

हाजरा मोड़ पर भाजपा समर्थकों ने प्रदर्शन किया हालांकि पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। बंगाल में 108 नगरपालिकाओं के लिए रविवार को हुए मतदान के दौरान भारी हिंसा व व्यापक धांधली का आरोप लगाते राज्य की मुख्य विपक्षी भाजपा ने चुनाव आयोग से इस पूरे चुनाव को रद करने की मांग की है। मालूम हो कि पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकाय चुनावों में कथित धांधली और हिंसा के खिलाफ आज सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है।

वहीं दुर्गापुर शिल्पांचल में भी कामकाज सामान्य रहा। हावड़ा व सियालदह स्टेशनों पर ट्रेन सेवाएं स्वाभाविक बताई जा रही हैं। विमान सेवाओं पर भी बंद का कोई असर नहीं पड़ा है। राज्य सरकार की तरफ से पहले ही कह दिया गया था कि सरकारी कार्यालय खुले रहेंगे। नंदीग्राम में भाजपा की तरफ से अनुरोध किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भाजपा समर्थकों की हाथापाई हुई। भाजपा ने आज सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक बंद बुलाया है। कांग्रेस ने भाजपा की तरफ से बुलाए गए इस बंद का समर्थन किया हालांकि बंद को सफल करने में उसके कार्यकर्ता सड़कों पर खास नजर नहीं आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *