खड़गपुर ब्यूरो | 05 अगस्त 2026: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में नाबालिग छात्रों से कथित तौर पर 300 रुपये का लालच देकर रक्तदान कराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रों की वास्तविक उम्र छिपाकर उन्हें एक निजी अस्पताल में ले जाया गया और वयस्क बताकर रक्तदान कराया गया।
घटना सामने आने के बाद स्कूल प्रशासन, अभिभावकों और पुलिस में हड़कंप मच गया है। मामले में संबंधित स्कूल की प्राचार्या ने अभिभावकों के साथ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
300 रुपये का लालच देकर अस्पताल ले जाने का आरोप
आरोप के मुताबिक, दुर्गापुर के एक निजी स्कूल के तीन नाबालिग छात्रों को रक्तदान के बदले 300 रुपये देने का लालच दिया गया। यह लालच उसी स्कूल के एक पूर्व छात्र ने दिया, जो वर्तमान में दूसरे स्कूल में पढ़ता है।
बताया जा रहा है कि छात्रों को बिधाननगर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मरीज के परिजन के रूप में दिखाकर रक्तदान कराया गया। आरोप है कि सरकारी दस्तावेजों में उनकी वास्तविक उम्र बदलकर उन्हें वयस्क दर्शाया गया।
स्कूल प्रशासन ने दर्ज कराई शिकायत
घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन सक्रिय हो गया। स्कूल की प्राचार्या देवयानी बोस ने अभिभावकों के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एजेंटों के माध्यम से नाबालिग छात्रों का रक्त लिया जा रहा था, जिसकी पूरी जांच आवश्यक है।
मंत्री अग्निमित्रा पाल ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि यदि छात्रों को पैसे का लालच देकर रक्तदान कराया गया है तो यह बेहद गंभीर मामला है।
उन्होंने कहा, “मेरी जानकारी के अनुसार केवल वयस्क व्यक्ति ही रक्तदान कर सकता है। यदि कोई बीमारी हो तो भी रक्तदान नहीं किया जा सकता। इस पूरे रैकेट में जो भी शामिल होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।”
पुलिस ने शुरू की जांच
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त प्रणब कुमार ने पुष्टि की कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि—
- नाबालिगों की उम्र कैसे बदली गई?
- अस्पताल की क्या भूमिका थी?
- क्या इसके पीछे कोई संगठित ब्लड रैकेट सक्रिय है?
- इस तरह की घटनाएं पहले भी हुई हैं या नहीं?
जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

