कोलकाता हिन्दी न्यूज | 21 अगस्त 2026: कोलकाता के नंदन परिसर में पांच दिवसीय दुर्गापुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (DIFF) का आयोजन किया जा रहा है। फेस्टिवल 23 अगस्त तक चलेगा।
सूचना एवं संस्कृति विभाग, पश्चिम बंगाल सरकार के भवन में आयोजित इस फिल्म महोत्सव में देश-विदेश की कई चुनिंदा फिल्मों की स्क्रीनिंग की जा रही है।
फेस्टिवल की भव्य शुरुआत
फिल्म महोत्सव में करीब 102 फिल्मों की स्क्रीनिंग की जा रही है, जबकि लगभग 22 देशों के फिल्म निर्माता और प्रतिभागी इसमें शामिल हुए हैं। सिनेमा प्रेमियों के लिए यह फेस्टिवल खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
आयोजकों का बयान
डीआईएफएफ की चेयरपर्सन कजोरी मोदक ने कहा कि यह ऐसा मंच है, जहां फिल्म और समाज को एक आईने की तरह देखा और समझा जा सकता है।
वहीं फेस्टिवल डायरेक्टर देवलीना मोदक साधु ने कहा कि दुर्गापुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल आज सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से एक बड़े मंच के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।
दुनिया के अलग-अलग देशों के फिल्म निर्माताओं का एक मंच पर आना और समाज को मूल्यवान संदेश देना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि फिल्म वह दर्पण है, जिसके जरिए समाज को आगे बढ़ने की दिशा मिलती है।
चर्चा में फिल्में
बांग्लादेश के फिल्ममेकर जीवन शहादत की फिल्म ‘संपर्क’ रिश्तों की गहराई को दर्शाती है। डिजिटल दौर में जहां हर दिन नए रिश्ते बनते और टूटते हैं, वहीं ‘संपर्क’ रिश्तों की अहमियत को एक अलग नजरिए से प्रस्तुत करती है।
फिल्ममेकर अर्नब महापात्र की फिल्म ‘डीअल्टरिको’ एक ऐसे व्यक्ति की कहानी पेश करती है, जिसे सुनाई नहीं देता और वह किस तरह अपने आसपास की दुनिया से खुद को जोड़ने की कोशिश करता है।
मुंबई के लेखक और निर्देशक तेजस नामदेव धनराज की फिल्म ‘रोल कैमरा’ भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
फिल्ममेकर अचिन विनायक चिनपुरी ने कहा कि आर्ट फिल्म मेकिंग को समझने के लिए डीआईएफएफ जैसे मंच से जुड़ना जरूरी है।
समापन और पुरस्कार
आयोजकों के अनुसार, 22 अगस्त तक फिल्मों की स्क्रीनिंग जारी रहेगी। वहीं 23 अगस्त को उत्कृष्ट फिल्मों और फिल्म निर्माताओं को सम्मानित किया जाएगा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



