दुर्गापुर। दुर्गापुर हिंदी भाषा मंच के कार्यालय परिसर स्थित ‘हिंदी भवन’ में कथा-सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित अंतर-विद्यालय लिखित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों के पुरस्कार वितरण तथा शिक्षक समूह के लिए ‘गुरु सम्मान’ समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से हुआ। मंच के माननीय समन्वयक जयप्रकाश नारायण ओझा ने मंचासीन विद्वज्जनों एवं अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उपस्थित शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
समारोह में हिंदी भाषा मंच के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सत्यदेव ओझा, एनआईटी के मानविकी विभागाध्यक्ष डॉ. श्रीकृष्ण राय, प्रधानाचार्य डॉ. कलीमुल हक, मंच के उपाध्यक्ष एवं प्रधानाचार्य डॉ. प्रदीप कुमार यादव, टी.डी.बी. कॉलेज, रानीगंज के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार पाण्डेय, वरिष्ठ कथाकार सृंजय मिश्र, शाकंभरी इस्पात के महाप्रबंधक सचिन कुमार दुबे, महासचिव धर्मेन्द्र यादव तथा मनोज यादव सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान विद्वान वक्ताओं ने ‘दैनिक जीवन में भाषाई हीनभावना से मुक्ति’ विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए हिंदी भाषा के गौरव, गरिमा और व्यापक संभावनाओं पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अपनी भाषा के प्रति आत्मविश्वास एवं सम्मान का भाव विकसित करने का आह्वान किया।
तीन वर्गों में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में ‘क’ वर्ग : नेपालीपाड़ा हिंदी हाई स्कूल की साक्षी कुमारी ने प्रथम, अंडाल हिंदू हिंदी विद्यालय की अनु कुमारी ने द्वितीय तथा प्रणवानंद विद्या मंदिर की अनुष्का समाद्दार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्टील कार्मेल, दुर्गापुर की जानवी साव एवं डीएवी मॉडल स्कूल की ए.वी. अबिरामी को प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया।
‘ख’ वर्ग : नेपालीपाड़ा हिंदी हाई स्कूल की संजना कुमारी प्रथम, आरोही गुप्ता द्वितीय तथा बुदबुदचट्टी हिंदी हाई स्कूल की रजनी गुप्ता तृतीय रहीं। स्टील कार्मेल, दुर्गापुर की अनुष्का कुमारी एवं बेनाचिती भारतीय हिंदी हाई स्कूल की मुस्कान कुमारी को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया।
‘ग’ वर्ग : बेनाचिती नेताजी हाई स्कूल की नेहा कुमारी ने प्रथम, बुदबुदचट्टी हिंदी हाई स्कूल की खुशी कुमारी ने द्वितीय तथा गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल की दमनप्रीत कौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नेपालीपाड़ा हिंदी हाई स्कूल के मोहित कुमार महतो एवं बेनाचिती भारतीय हिंदी हाई स्कूल की मेहविश तबस्सुम को प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया।
प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त सभी प्रतिभागियों को प्रशस्तिपत्र एवं स्मृति-चिह्न तथा प्रोत्साहन प्राप्त प्रतिभागियों को प्रशस्तिपत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रतियोगिता में सहभागी 16 विद्यालयों एवं उनके शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान के लिए ‘गुरु सम्मान’ से सम्मानित किया गया। शिक्षकों को उत्तरीय तथा संबंधित विद्यालयों को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए।
सम्मानित शिक्षकों में नेपालीपाड़ा हिंदी हाई स्कूल की अनिता कुमारी, स्टील कार्मेल, दुर्गापुर की रीता प्रसाद, भारतीय हिंदी हाई स्कूल के अनिल कुमार पाण्डेय एवं जितेंद्र पांडेय, नेताजी विद्यालय के जितेंद्र नाथ मिश्र, नूतनपल्ली जूनियर हिंदी हाई स्कूल के अजय चौधरी, गुरु तेग बहादुर स्कूल की पुष्पा राम, प्रणवानंद विद्या मंदिर की रंजना पाठक, बुदबुदचट्टी हिंदी हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक डॉ. प्रदीप यादव तथा डीएवी मॉडल स्कूल, दुर्गापुर की शिक्षिका रचना पांडेय प्रमुख थीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. सत्यदेव ओझा ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में हिंदी भाषा के प्रति गौरव-बोध और विद्यार्थियों में साहित्यिक एवं भाषाई अभिरुचि विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। मंच के उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप यादव ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।
समारोह की समस्त व्यवस्थाएँ मंच के उपाध्यक्ष शंकर प्रसाद गुप्ता तथा सदस्यों सूरज मंडल, नारायण राजभर, चंद्रबली सिंह एवं राकेश ओझा की देखरेख में संपन्न हुई। इस अवसर पर दुर्गापुर हिंदी भाषा मंच के पदाधिकारी एवं सदस्यों के साथ दुर्गापुर कांवड़िया सेवा समिति के अमरेंद्र चौबे, मुन्ना साव, संजीव तिवारी तथा दुर्गापुर भोजपुरी मंच के पदाधिकारी एवं सदस्यगण भी उपस्थित रहे।
संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन मंच के संयुक्त सचिव दिनेश कुमार राम एवं श्वेता देब ने संयुक्त रूप से किया। अंत में पारुल अग्रवाल, प्रीति रागिनी एवं श्वेता देब द्वारा राष्ट्रगान की प्रस्तुति के साथ इस भव्य एवं गरिमामय समारोह का समापन हुआ।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

