कोलकाता, 21 फरवरी 2026: प्रसिद्ध रंगकर्मी, नाटककार, लेखक और शिक्षाविद् डॉ. मोहम्मद आसिफ़ आलम को अंग नाट्य मंच (ट्रस्ट) द्वारा आयोजित 26वें अंग नाट्य यज्ञ अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में ‘विश्वनाथ राय सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया।
तीन दिवसीय इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी कलाकारों और साहित्यकारों ने भाग लिया।
सम्मान का आधार
डॉ. आलम को नाटक, नृत्य, संगीत तथा कला-संस्कृति के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। वे कोलकाता के विद्यासागर कॉलेज फॉर विमेन में हिंदी विभाग के विभागाध्यक्ष एवं असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं।
साथ ही स्वांग ड्रामा क्लब के संस्थापक, संयोजक और निर्देशक के तौर पर सक्रिय हैं। अब तक उनके निर्देशन में 30 से अधिक नाटक, नुक्कड़ नाटक, माइम शो और नृत्य-नाट्य सफलतापूर्वक मंचित हो चुके हैं।
सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रंगकर्म
समारोह में आयोजकों ने कहा कि डॉ. आलम का रंगकर्म सामाजिक सरोकारों से गहराई से जुड़ा हुआ है। उनकी प्रस्तुतियाँ शिक्षा, जागरूकता और जन-संवाद का प्रभावी माध्यम बनी हैं। उन्होंने युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें रचनात्मक दिशा देने का काम भी किया है।
कार्यक्रम के दौरान प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर डॉ. आलम का अभिनंदन किया गया। इस उपलब्धि पर उनके सहयोगियों, विद्यार्थियों और साहित्यप्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे रंगमंच जगत के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।


