भारत के 12 वैश्विक अग्रणी वैज्ञानिकों में शामिल
खड़गपुर। आईआईटी खड़गपुर के स्कूल ऑफ मेडिकल साइंस एंड टेक्नोलॉजी के प्राध्यापक डॉ. बुधादित्य मुखर्जी को यूरोपीय आणविक जीवविज्ञान संगठन (ईएमबीओ) द्वारा ग्लोबल इन्वेस्टिगेटर के रूप में चुना गया है।
संस्थान के पदाधिकारियों के मुताबिक विश्वभर से चयनित 12 प्रमुख वैज्ञानिकों की सूची में शामिल होकर उन्होंने जीवन विज्ञान अनुसंधान के अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की उपस्थिति को और मजबूत किया है।

डॉ. मुखर्जी का चयनित शोध प्रकल्प “दवा के दबाव से लीशमेनिया परजीवी की अनुकूलन क्षमता और संक्रमण स्वरूप में परिवर्तन” इस बात की पड़ताल करता है कि औषधीय दबाव किस प्रकार लीशमेनिया परजीवी के व्यवहार, उसकी वृद्धि तथा संक्रमण की दिशा को प्रभावित करता है। यह अध्ययन दवा- प्रतिरोध और होस्ट रोगजनक संबंधों की समझ को नई दिशा दे सकता है।
ईएमबीओ ग्लोबल इन्वेस्टिगेटर कार्यक्रम उत्कृष्ट युवा शोध-नेताओं को अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक नेटवर्क, सहयोग, प्रशिक्षण तथा शोध यात्राओं के लिए वित्तीय सहयोग प्रदान करता है।
आईआईटी खड़गपुर के निदेशक प्रो. सुमन चक्रवर्ती ने कहा, “डॉ. मुखर्जी का चयन संस्थान के लिए गौरव का क्षण है। संक्रामक रोग जीवविज्ञान में उनका अभिनव अनुसंधान वैश्विक वैज्ञानिक प्राथमिकताओं के अनुरूप है। मुझे विश्वास है कि उनका कार्य अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान जगत में भारत की भूमिका को और सुदृढ़ करेगा।”
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



