खड़गपुर। डॉ. नॉर्मन बेथून मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में आज मेचेदा स्थित ट्रस्ट भवन में निर्धन लोगों को शीत वस्त्र वितरित किए गए। उक्त कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. विश्वनाथ पडिया ने की।
अतिथि के रूप में उपस्थित थे शांतिपुर-1 ग्राम पंचायत की सरपंच करुणा सी, प्रसिद्ध समाजसेवी गनन राय, पूर्व मौसम वैज्ञानिक अशोक हाजरा, प्रबुद्ध मेडिकल इंजीनियर सतीश प्रसाद बेरा, चिकित्सक संतोष माईती आदि।
संस्थान के 44वें वर्ष में ट्रस्ट के वर्ष भर की समाज सेवा मूलक विभिन्न गतिविधियों का उल्लेख करते हुए अतिथिगणों ने अपने वक्तव्य में आज के अत्यंत समयोचित शीत वस्त्र वितरण की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

ट्रस्ट सदस्य डॉ. भवानी शंकर दास ने प्राकृतिक आपदाओं एवं राहत कार्य में ट्रस्ट की कुछ दशकों की उज्ज्वल भूमिका का उल्लेख किया। इस अवसर पर इलाके के 60 निर्धन वृद्धजनों को शीत वस्त्र प्रदान किए गए।
ट्रस्ट के सचिव तपन भौमिक ने आमंत्रित सभी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार सुबह फ्री मेडिकल चेकअप की व्यवस्था की बात याद दिलाई। प्राप्तकर्ताओं के मुख की हंसी इलाके के लोगों को मुग्ध कर गई।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



