देहरादून/रुद्रप्रयाग/चमोली, 29 अगस्त 2025 : उत्तराखंड में एक बार फिर प्रकृति ने कहर बरपाया है। रुद्रप्रयाग के बसुकेदार क्षेत्र और चमोली के देवाल ब्लॉक में देर रात बादल फटने की घटनाओं से भारी तबाही हुई है। कई घर मलबे में दब गए हैं और कई परिवारों के फंसे होने की सूचना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर घटना पर दुख जताते हुए कहा कि वे आपदा सचिव और जिलाधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं, और राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
🚨 प्रमुख घटनाक्रम:
- बड़ेथ डुंगर तोक (रुद्रप्रयाग) और देवाल (चमोली) में भारी मलबा
- NDRF, SDRF, ITBP और SSB की टीमें मौके पर तैनात
- बद्रीनाथ हाईवे बाधित, कई मार्ग क्षतिग्रस्त
- स्थानीय प्रशासन द्वारा अलर्ट जारी, ग्रामीणों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील
- बाबा केदारनाथ से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना मुख्यमंत्री द्वारा व्यक्त की गई
बता दें कि प्रदेश में मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया हुआ है, जिसमें पिथौरागढ़, उधम सिंह नगर, अल्मोड़ा, नैनीताल, देहरादून समेत जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है।
इसके साथ ही रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, और उत्तरकाशी में येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन भी हाई अलर्ट पर है और लोगों को नदी-नालों से दूरी बनाए रखने की चेतावनी दी है।
मौसम वैज्ञानिक सी. एस. तोमर के अनुसार शुक्रवार से अगले चार दिन (29, 30, 31 अगस्त और 1 सितंबर) तक भारी बारिश होने की आशंका है।
उन्होंने बताया, “पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में भारी वर्षा की रिपोर्ट दर्ज की गई है। अधिकांश इलाकों में अगले छह दिनों के लिए हल्के से मध्यम स्तर की बारिश का अनुमान है। वहीं, 1 सितंबर तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिस दौरान तेज से बहुत तेज बारिश होने का अनुमान है।”
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

