कोलकाता, 23 अगस्त 2025: महानगर कोलकाता में डेंगू और मलेरिया के मामलों में अचानक उछाल ने नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर ला दिया है। दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच कोलकाता नगर निगम (KMC) ने सभी पूजा कमेटियों को साफ-सफाई और मच्छर नियंत्रण के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं।
KMC की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी से अब तक 300 से अधिक लोग डेंगू और 1156 लोग मलेरिया से संक्रमित हुए हैं। वहीं, डेंगू से दो लोगों की मौत की पुष्टि भी हुई है, जिसकी डेथ ऑडिट रिपोर्ट राज्य स्वास्थ्य विभाग तैयार कर रहा है।
नगर निगम के डिप्टी मेयर अतिन घोष ने बताया कि इस वर्ष कोलकाता में सामान्य से अधिक बारिश हुई है — अब तक 131.5 मिमी, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 200 मिमी अधिक है। यह स्थिति मच्छरों के पनपने के लिए अनुकूल मानी जा रही है।
दुर्गा पूजा से पहले सभी मंडपों में पानी जमा न होने देने, बांस की गांठों को ढकने, और नियमित फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं। निगम की टीमें वार्ड स्तर पर निरीक्षण करेंगी और फोरम फॉर दुर्गोत्सव के माध्यम से सभी कमेटियों को पत्र भेजा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों को भी सतर्क रहने की अपील की है। घरों में पानी जमा न होने दें, कूलर और गमलों की नियमित सफाई करें, और बुखार आने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

