खड़गपुर। पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत कोलाघाट फूल बाजार में छत फ्लोरिंग, पर्याप्त प्रकाश, पेयजल, शौचालय सहित विभिन्न बुनियादी सेवाएँ सुनिश्चित करने तथा देउलिया बाजार के समीप नवनिर्मित पानशिला फूल बाजार को किसानों, व्यवसायियों के हित में तत्काल शुरू करने की मागं को लेकर
आज पूर्व मेदिनीपुर जिला फूल चाषी एवं फूल व्यवसायी समिति की कोलाघाट ब्लॉक शाखा की ओर से बीडीओ अमित कुमार चाँद को डेपुटेशन व स्मारक लिपि सौंपा गया।
प्रतिनिधिमंडल में जिला समिति के सचिव नारायण चंद्र नायक, कोलाघाट फूल बाजार प्रबंधन समिति के सचिव दिलीप प्रमाणिक, सदस्य विश्वजीत नायक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

प्रतिनिधियों ने कहा कि बीडीओ ने माँगों की तार्किकता स्वीकार करते हुए उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया और कहा कि पानशिला फूल बाजार को जल्द शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है।
स्मारक लिपि में उल्लेख किया गया है कि पूर्व मेदिनीपुर जिला पूरे राज्य के फूल उत्पादन मानचित्र में दूसरा स्थान रखता है और जिले के भीतर कोलाघाट ब्लॉक का विशेष महत्व है।
इस ब्लॉक में देउलिया और कोलाघाट दो बड़े फूल बाजार हैं। कोलाघाट फूल बाजार राज्य का दूसरा और देउलिया फूल बाजार तीसरा सर्वाधिक महत्वपूर्ण फूल बाजार माना जाता है।
कोलाघाट फूल बाजार कोलाघाट स्टेशन के डाउन 1 नंबर प्लेटफॉर्म के नीचे मात्र 1469 वर्गमीटर क्षेत्रफल में एक संकरे स्थान पर लगता है। रेल विभाग किसानों से 10 रुपये, फूल व्यवसायियों से 25 रुपये और दुकानदारों से 40 रुपये प्रतिदिन ‘फेरीवाला टिकट’ शुल्क लेता है, लेकिन बाजार में आवश्यक सेवाओं का अभाव है।
यह बाजार रोजाना तड़के 3 बजे से सुबह 10 बजे तक चलता है और यहाँ दोनो मिदनापुर जिलों के साथ हावड़ा जिले के फूल चाषी भी आते हैं। दूसरी ओर देउलिया फूल बाजार राष्ट्रीय राजमार्ग 16 के किनारे लगता है।
यहाँ भी दोनों मिदनापुर तथा हावड़ा के किसान फूल बेचने आते हैं। यह बाजार रोजाना सुबह 3 बजे से 8 बजे तक लगता है और सड़क किनारे होने के कारण अक्सर दुर्घटनाओं का जोखिम बना रहता है। इसी कारण स्थानीय किसानों, व्यवसायियों ने बाजार को पास के सुरक्षित क्षेत्र में स्थानांतरित करने की मांग की थी।
2019 में तत्कालीन जिलाधिकारी डॉ. रश्मि कमल की पहल पर कोलाघाट ब्लॉक कार्यालय में फूल चाषियों, व्यवसायियों और आड़तदारों की बैठक के बाद निर्णय लिया गया कि बाजार को राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे वाले पुराने स्थान से 500 मीटर दूर, भरी गई जमीन पर स्थानांतरित किया जाएगा।
इसी आधार पर कोलाघाट तापविद्युत केंद्र और जिला परिषद के सहयोग से एक नया फूल बाजार बनाया गया, जिसका निर्माण दो वर्ष पहले पूरा हो चुका है, लेकिन अभी तक शुरू नहीं किया गया है। इसे जल्द शुरू किया जाए।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



