खड़गपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-16 (मुंबई रोड) पर कोलाघाट व पाँशकुड़ा थाना क्षेत्र के देउलबाड़ी में क्रॉसिंग और बस स्टॉप की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर नागरिक सुरक्षा समिति ने जिला मजिस्ट्रेट और ट्रैफिक डीएसपी को जनहस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में समिति के प्रवक्ता नारायण चंद्र नायक और संयुक्त सचिव शुभाशीष मंडल शामिल थे।
संगठन के नेताओं ने कहा कि देउलबाड़ी के आसपास सिद्धा-1 ग्राम पंचायत के उत्तर जिनादा, श्रीधरबसान तथा सागरबाड़ ग्राम पंचायत के देउलबाड़ी गांव में 300 से अधिक परिवार रहते हैं। इन गांवों के लोगों के लिए पैदल, साइकिल या मोटरसाइकिल से आवागमन का मुख्य रास्ता यही व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग है।
जबकि बरदाबाड़ बस स्टैंड लगभग 1 किमी और जिनादा बाजार स्टॉप करीब 1.5 किमी दूर होने से छात्रों से लेकर बुजुर्गों तक को जोखिम भरे ढंग से राजमार्ग पार करना पड़ता है, जिससे छोटी दुर्घटनाएं आम हो गई हैं।
छह लेन विस्तार के दौरान बस स्टैंड और बाइपास बनने के बावजूद यहां क्रॉसिंग व बस स्टॉप की व्यवस्था नहीं की गई। खुले इलाके में चोरी-छिनतई जैसी घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। समिति ने क्षेत्रवासियों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए प्रशासन से जल्द आवश्यक व्यवस्था करने की मांग की है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

