नेशनल न्यूज डेस्क | 1 नवंबर 2026: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग और कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली करने जा रहा है।
इस राजनीतिक जमावड़े से पहले राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
अकेले रामलीला मैदान और आसपास के इलाके में पुलिस तथा अर्धसैनिक बलों के करीब 10 हजार जवान तैनात रहेंगे। भीड़ पर नजर रखने के लिए 200 से अधिक एआई-सक्षम कैमरे भी लगाए गए हैं।
रामलीला मैदान में 10 हजार जवान तैनात
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था के तहत रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों में करीब 3,000 पुलिसकर्मियों तथा 7,000 से अधिक अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गई है।
इसके अलावा केंद्रीय बलों की 10 अतिरिक्त कंपनियों को भी तैयार रखा गया है। जरूरत पड़ने पर उन्हें मौके पर उतारा जा सकता है।
सुरक्षा व्यवस्था को 14 जोन में बांटकर निगरानी की जाएगी। एआई तकनीक से लैस कैमरों के जरिए भीड़ और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
10 से 12 लाख लोगों के जुटने का दावा
रैली में भीड़ को लेकर आयोजकों और पुलिस के आकलन में बड़ा अंतर है। पुलिस के मुताबिक, रामलीला मैदान में करीब 50 हजार लोगों के जुटने की क्षमता है। वहीं, आयोजकों का दावा है कि विरोध प्रदर्शन में 10 से 12 लाख लोग शामिल हो सकते हैं।
भीड़ का दबाव बढ़ने पर लोगों को रामलीला मैदान पहुंचने से पहले ही रोकने या दूसरे रास्तों पर भेजने की व्यवस्था की जा सकती है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय मौके की स्थिति के आधार पर लिया जाएगा।
राहुल, ममता और अखिलेश समेत कई नेता होंगे शामिल
रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के शामिल होने की संभावना है।
इसके अलावा आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा के भी कार्यक्रम में पहुंचने की बात कही गई है। हालांकि, समर्थन जताने के बावजूद ककरोच जनता पार्टी (सीजेपी) रैली में शामिल नहीं होगी। पार्टी के नेता अभिजीत दीपक ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
दिल्ली में ट्रैफिक पर पड़ सकता है असर
रैली में बड़ी संख्या में लोगों के साथ वाहनों के पहुंचने की भी संभावना है। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस और प्रशासन ने यातायात नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया है।
रविवार को रामलीला मैदान और आसपास की सड़कों पर भीड़ तथा वाहनों का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में कई इलाकों में यातायात प्रभावित होने और जाम लगने की आशंका है। पुलिस ने सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था संभालने के लिए भी तैयारी की है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

