नेशनल न्यूज डेस्क | 15 जुलाई 2026: पिछले 19 दिनों से जंतर-मंतर पर आमरण अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को कड़ी टिप्पणी करते हुए उनकी सुरक्षा और इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
अदालत ने कहा कि “हर नागरिक का जीवन अमूल्य है। सरकार का दायित्व है कि सोनम वांगचुक की जान बचाने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएं।”
हाई कोर्ट ने केंद्र से क्या कहा?
सोनम वांगचुक के अनशन को खत्म कराने और उनकी जान बचाने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता राकेश कुमार सैनी ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी।
सुनवाई के दौरान अदालत ने स्पष्ट कहा कि सरकार नियमित रूप से सोनम की मेडिकल जांच कराए, आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराए और उनकी सेहत पर लगातार निगरानी रखे।
कोर्ट ने यह भी कहा कि यदि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर किसी तरह का सरकारी हस्तक्षेप आवश्यक हो, तो बिना देरी के कार्रवाई की जानी चाहिए।
केंद्र ने माना- नियमित निगरानी नहीं हो रही
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने स्वीकार किया कि सरकार की ओर से सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी नहीं की जा रही है।
उन्होंने बताया कि कभी सरकारी डॉक्टर तो कभी निजी अस्पताल के चिकित्सक उनकी जांच करते हैं। इस पर अदालत ने निर्देश दिया कि सरकारी डॉक्टरों द्वारा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए और उसी रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएं।
लगातार गिर रहा है वजन
सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य संबंधी ताजा मेडिकल बुलेटिन के अनुसार उनकी हालत लगातार कमजोर होती जा रही है।
- अनशन का 19वां दिन
- वजन घटकर करीब 57 किलोग्राम रह गया
- अब तक करीब 8.9 किलोग्राम वजन कम
- पिछले 24 घंटे में 400 ग्राम वजन घटा
- रक्तचाप: 105/76 mmHg
- ब्लड शुगर: 80 mg/dL
- ऑक्सीजन स्तर: 97%
डॉक्टरों के मुताबिक सोनम वांगचुक फिलहाल होश में हैं और मानसिक रूप से पूरी तरह सजग हैं, लेकिन उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें 24 घंटे चिकित्सकीय निगरानी में रखना बेहद जरूरी है।
कोर्ट की स्पष्ट टिप्पणी
दिल्ली हाई कोर्ट ने सुनवाई के दौरान दोहराया कि “हर जीवन की कीमत है। सरकार को सोनम वांगचुक का जीवन बचाने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए।”
अदालत की इस टिप्पणी के बाद अब केंद्र सरकार की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

