CWG 2022 : श्रीहरि ने 100 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में बनायी जगह

बर्मिंघम। भारत के युवा तैराक श्रीहरि नटराज ने राष्ट्रमंडल खेलों के पहले दिन शुक्रवार (भारत में शनिवार) को पुरुषों के 100 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में जगह बनायी। नटराज ने 54.55 सेकंड के समय के साथ सेमीफाइनल-2 में चौथा (कुल सातवां) स्थान प्राप्त किया। दक्षिण अफ्रीका के 17 वर्षीय पीटर कोएट्ज़े ने 53.67 सेकंड के साथ दोनों सेमीफाइनल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। नटराज 31 जुलाई को होने वाले फाइनल में भारत को राष्ट्रमंडल खेलों में तैराकी का दूसरा पदक दिलाने का प्रयास करेंगे। इससे पहले तैराकी में भारत का एकलौता राष्ट्रमंडल पदक 2010 में आया था, जब प्रशांत करमाकर ने पैरा-स्विमिंग आयोजन में कांस्य हासिल किया था।

भारत ने पाकिस्तान को 5-0 से धो डाला : पूर्व विश्व चैंपियन भारत की पीवी सिंधु और किदाम्बी श्रीकांत की अगुवाई में गत चैंपियन भारत ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में अपने अभियान की विजयी शुरुआत करते हुए ग्रुप ए मुकाबले में पाकिस्तान को 5-0 से रौंद दिया। मिश्रित युगल में बी सुमित रेड्डी और अश्विनी पोनप्पा ने पाकिस्तानी जोड़ी आई एस भट्टी और जी सिद्दीकी को 21-9, 21-12 से हराया जबकि पूर्व नंबर एक किदाम्बी श्रीकांत ने मुराद अली को 21-7, 21-12 से हराया और भारत को 2-0 से आगे कर दिया। सिंधु ने पाकिस्तान की महूर शहजाद को एकतरफा अंदाज में 21-7, 21-6 से हरा दिया।

युवा सनसनी अनहत ने महिला एकल में जाडा रॉस को हराया : भारत की युवा स्क्वॉश सनसनी अनहत सिंह ने अपने राष्ट्रमंडल खेल अभियान की शुरुआत जीत से करते हुए सेंट विंसेंट और ग्रेनेडिंस की जाडा रॉस को मात दी। स्क्वॉश के सबसे ऊंचे मंच राष्ट्रमंडल खेलों में पहली बार अपना हुनर आजमाने उतरी 14 साल की अनहत ने जाडा को 11-5, 11-2, 11-0 से शिकस्त दी।

सिंगापुर को हराकर क्वार्टरफाइनल में पहुंचा भारत : भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए सिंगापुर को 3-0 से मात दी। भारतीय टीम ने इससे पहले दिन में ग्रुप-3 में बारबाडोस को 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। सिंगापुर के खिलाफ 3-0 की जीत के साथ भारत ने क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *