IMG 20251219 WA0012

गोपीबल्लभपुर में सीपीआईएम की ‘बांग्ला बचाओ यात्रा’ बनी जनचेतना की आवाज

12 किलोमीटर की पदयात्रा में गूंजा भाषा, संस्कृति और अधिकारों का सवाल

तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पूरे बंगाल में चल रहे ‘बांग्ला बचाओ’ आंदोलन की कड़ी में झाड़ग्राम ज़िले के गोपीबल्लभपुर क्षेत्र में शुक्रवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) [सीपीआईएम] की ओर से भव्य और अनुशासित जनजागरण पदयात्रा निकाली गई। झाड़ग्राम जिला कमेटी के अंतर्गत गोपीबल्लभपुर-1 नंबर ब्लॉक की अमरदा एरिया कमेटी के आह्वान पर इस यात्रा की औपचारिक शुरुआत हातिबाड़ी से हुई।

लगभग 12 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा हातिबाड़ी से चलकर केंदुआबांधी, सातमा, बंशीधरपुर, बागडिहा, अमरदा चक, आथांगी, शाशड़ा, वीरसाचक और पांचकानिया होते हुए सुमित्रापुर में संपन्न हुई। पूरे मार्ग में जगह-जगह जनसभाओं का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

सभाओं को संबोधित करते हुए सीपीआईएम राज्य कमेटी सदस्य तापस सिन्हा और पुलिन बिहारी बास्के ने कहा कि बंगला भाषा, संस्कृति और बंगाल की अस्मिता पर हो रहे हमलों के खिलाफ यह आंदोलन समय की मांग है।

उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में आम लोगों के अधिकारों के साथ-साथ मातृभाषा को भी हाशिये पर धकेलने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जिला नेतृत्व शंभु बिंधानी और समित देहुरी ने अपने वक्तव्य में स्पष्ट किया कि ‘बांग्ला बचाओ यात्रा’ केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह जनता की भाषा, संस्कृति और सम्मान की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने और एकजुट करने का माध्यम बन रही है।

किसान नेता अनिल पॉयरा ने किसानों की समस्याओं को रेखांकित करते हुए कहा कि भाषा और संस्कृति की रक्षा के साथ-साथ किसानों और मेहनतकश लोगों की आजीविका की सुरक्षा भी इस आंदोलन का अभिन्न हिस्सा है।

यात्रा के दौरान नेताओं ने आम जनता से आह्वान किया कि वे इस जनआंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और बंगला भाषा व बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए एकजुट हों।

समापन अवसर पर आयोजकों ने जानकारी दी कि आने वाले दिनों में झाड़ग्राम जिले के अन्य इलाकों में भी इसी तरह की पदयात्राएं और जनसभाएं आयोजित की जाएगी।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

3 − 3 =