कोरोना वायरस : केन्द्रीय दल के सचिव ने कहा, बंगाल में मृत्यु दर सबसे अधिक

कोलकाता : बंगाल के दौरे पर आए अंतर मंत्रालयी केन्द्रीय दल ने कहा है कि  कोरोना से होने वाली मौतों के मामले में पश्चिम बंगाल में मृत्यु दर देश में सबसे अधिक 12.8 प्रतिशत है। अंतर मंत्रालयी केन्द्रीय दल (आईएमसीटी) के सदस्य अपूर्व चंद्रा ने राज्य के मुख्य सचिव राजीव सिन्हा को अपनी टिप्पणी में कहा कि देश में कोविड-19 मृत्यु दर पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 12.8 प्रतिशत है।

दिल्ली लौटने से पहले उन्होंने यह पत्र सिन्हा को लिखा। चंद्रा ने पत्र में कहा, ‘‘ यह उच्च मृत्यु दर जांच में कमी अैर कमजोर निगरानी को दर्शाती है।’’ चंद्रा ने कहा कि मेडिकल बुलेटिन में राज्य द्वारा बताए गए कोविड-19 के मामलों और केन्द्र सरकार को दी गई जानकारी में अंतर है। चंद्रा के नेतृत्व में दल दो सप्ताह शहर में बिताने के बाद राष्ट्रीय राजधानी लौट चुका है।

41 नए मामले, अब तक 50 ने तोड़ा दम

राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या के बढ़ने का सिलसिला जारी है। रविवार को राज्य में कोरोना के 41 नए मामलों की पुष्टी की गई। रविवार शाम तक बीते 24 घंटे में दो और कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। इस प्रकार राज्य में कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या 50 हो गई है। राज्य स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी बुलेटिन के मुताबिक रविवार शाम तक बीते 24 घंटे में किसी भी मरीज को अस्पताल से छुट्टी नहीं मिली। इस समय होम आइसोलेशन में कुल 6953 लोग हैं।

अस्पताल के आइसोलेशन में 4532 लोग भर्ती हैं। अस्पातल के आइसोलेशन से अब तक 4230 लोगों को छोड़ा गया है। वर्तमान में 302 लोग अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। अभी तक क्वारंटाइन से 15811 लोगों को छोड़ा गया है। बता दें कि राज्य में बीते 30 अप्रैल को कोरोना संक्रमितों की संख्या 572 थी। इसके बाद एक मई को 57 मरीजों की पुष्टी हुई। दो मई को 70 नए मामले सामने आए। इसके बाद बीते कल यानी की रविवार को 41 मामलों की पुष्टी हुई।

उधर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों की बात करें तो बंगाल में कोरोना संक्रमितों की संख्या 950 के पार पहुंच गई है। केन्द्र के मुताबिक बंगाल में अब तक कुल 963 मामले सामने आए हैं। वहीं अब तक 151 लोग ठीक होकर घर लौटे हैं। वहीं 50 लोगों की मौत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *